सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : महानगर में एंटी करप्शन ब्रांच ने सोमवार को कोलकाता पुलिस के एक सार्जेंट को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया। आरोपी पुलिसकर्मी इंटाली थाने में तैनात था। एसीबी के मुताबिक, कोलकाता के एक निवासी ने उक्त सार्जेंट के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता की एक कार आपराधिक मामले के सिलसिले में इंटाली थाने में जब्त रखी गई थी। आरोप है कि कार को छोड़ने के बदले सार्जेंट ने शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायत मिलने के बाद राज्य की एसीबी की टीम सक्रिय हुई और आरोपी को पकड़ने के लिए विशेष जाल बिछाया गया। सोमवार को जैसे ही आरोपी सार्जेंट ने शिकायतकर्ता से कथित तौर पर 10 हजार रुपये की रिश्वत ली, एसीबी की टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। एसीबी ने आरोपी पुलिसकर्मी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ कानून के तहत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार के मुद्दे को चर्चा में ला दिया है।