कोलकाता : प्रेम संबंधों में विवाद के चलते प्रेमिका को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त का नाम कौशिक जाना है। मिली जानकारी के अनुसार बुधवार की सुबह यह घटना गरिया में हुई। पुलिस ने बताया कि ढाई महीने पहले प्रेम संबंधों में आए तनाव के चलते प्रेमिका स्नेहा दास को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में नरेंद्रपुर थाने की पुलिस ने कौशिक को पकड़ा है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गरिया की रहने वाली स्नेहा दास नाम की एक युवती के साथ कौशिक का प्रेम संबंध था। लेकिन, स्नेहा के साथ रिश्ते में रहते हुए ही कौशिक किसी अन्य युवती के साथ रिश्ते में आ गया था। यह घटना सामने आते ही कौशिक और स्नेहा के बीच मतभेद हो गए। आए दिन विवाद होता रहता था। उसी कलह और मनमुटाव के चलते ढाई महीने पहले स्नेहा ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मृतका के परिवार की ओर से कौशिक के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की शिकायत दर्ज कराई गई थी।
शिकायत के आधार पर नरेंद्रपुर थाने की पुलिस ने जांच शुरू की। आखिरकार स्नेहा को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। स्नेहा के परिवार का दावा है कि कौशिक के साथ लगातार विवाद के कारण स्नेहा मानसिक अवसाद से जूझ रही थी। इसी वजह से उसने आत्महत्या कर ली। आरोपी कौशिक से पूछताछ कर पुलिस घटना की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि यह विवाद वाकई दूसरे रिश्ते में पड़ने की वजह से था या इसके पीछे कोई अन्य रहस्य भी है, इसकी भी जांच की जा रही है। हालांकि, जब इस बारे में आरोपी युवक से पूछा गया, तो उसने आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपों से इनकार कर दिया।