कोलकाता सिटी

Kolkata Weather Update: इतने दिन के भीतर बंगाल में ठंड देगी दस्तक….तैयार रहें

कोलकाता : नवंबर की शुरुआत हो चुकी है मगर उमस भरी गर्मी अब भी लोगों को परेशान कर रही है। खासकर महानगर में दोपहर पसीने वाली गर्मी से लोग बेहाल रहे। काली पूजा की रात सर्दी हल्की रहती है मगर इस दिवाली पर ऐसा नहीं हुआ। दिवाली की रात भी गर्मी ने 40 डिग्री का एहसास दिलाया। नवंबर महीने का पहला दिन शुक्रवार को कोलकाता का न्यूनतम तापमान 26 तथा अधिकतम तापमान 32 डिग्री रहा। यह सामान्य से 4 डिग्री अधिक है। मौसम विज्ञानियों का मानना ​​है कि नवंबर में इतना अधिक तापमान असामान्य है। चिलचिलाती धूप इतनी कि जैसे मई का महीना चल रहा हो। अलीपुर मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिणी हवा के कारण गर्मी का एहसास है। हवा में जलवाष्प अधिक है, इसलिए ऐसे उमस भरी गर्मी से परेशानी होती है। वहीं, उत्तर-पश्चिमी हवा भी उस तरह से नहीं आ रही है। जब उत्तर पश्चिम से हवा चलेगी तो तापमान में सुधार आ सकता है। अगले 4 – 5 दिनों में रात को तापमान 3 डिग्री तक गिर सकता है। हालांकि ठंड आने में अभी समय है।

ठंड आने में होगी देरी

मानसून आने का एक निर्दिष्ट समय तय होता है मगर ठंड के लिए ऐसा नहीं है। मौसम विभाग का कहना है कि कोलकाता में ठंड देर से ही दस्तक देती है। इस बार भी कुछ ऐसा ही होगा। दुर्गा पूजा का मौसम यानी शरद ऋतु कई लोगों का बहुत पसंदीदा होता है। इस दौरान न तो ज्यादा गर्मी होती है और न ही ज्यादा ठंड लेकिन काली पूजा की रात हल्की सर्दी का मिजाज रहता है, इस बार वह भी नहीं हुआ। सुबह या रात के समय हल्का ठंड महसूस होना। इस वर्ष नवंबर की शुरुआत में भी ऐसा नहीं हुआ। कोलकाता में ठंड का नामोनिशान नहीं है।

….रिया सिंह

SCROLL FOR NEXT