विभिन्न इलाकों में बिना हेलमेट वाले बाइकर्स का चालान काटते हुए ट्रैफिक सार्जेंट 
कोलकाता सिटी

ट्रैफिक नियमों को लेकर पुलिस सख्त, 10 दिनों में कटे 46 हजार से अधिक चालान

अवैध पार्किंग, बिना हेलमेट और ट्रिपल राइडिंग करने वालों पर चला कोलकाता पुलिस का डंडा, वसूला भारी जुर्माना

कोलकाता : महानगर और इसके आस-पास के क्षेत्रों में सुरक्षित यातायात सुनिश्चित करने और सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए कोलकाता पुलिस ने एक बड़ा अभियान चलाया है। लालबाजार सूत्रों के अनुसार, गत 8 मई से 17 मई 2026 के बीच शहर के विभिन्न ट्रैफिक गार्ड्स और पुलिस स्टेशनों के अंतर्गत नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 46,244 वाहनों और चालकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की गई है। यह पूरी कार्रवाई पारदर्शी तरीके से की गई है।

अवैध पार्किंग बनी सबसे बड़ी सिरदर्द, 27 हजार से अधिक मामले

पुलिस की इस दस दिवसीय विशेष मुहिम में सबसे अधिक कार्रवाई अवैध पार्किंग के खिलाफ हुई है। महानगर की सड़कों पर बेतरतीब ढंग से वाहन खड़े करने के कारण लगने वाले जाम से निपटने के लिए पुलिस ने कुल 27,201 मामले दर्ज किए हैं। अवैध पार्किंग के खिलाफ कार्रवाई में साउथ ट्रैफिक गार्ड सबसे ऊपर रहा, जहां कुल 4,157 चालान काटे गए। इसके बाद 'हेडक्वार्टर ट्रैफिक गार्ड' ने 2,744 और 'हावड़ा ब्रिज ट्रैफिक गार्ड' ने 1,807 मामलों में कार्रवाई की।

दोपहिया चालकों की लापरवाही, 16 हजार से ज्यादा बिना हेलमेट के धरे गए

सड़क सुरक्षा के तमाम दावों और जागरूकता अभियानों के बावजूद दोपहिया वाहन चालकों की लापरवाही कम नहीं हो रही है। बिना हेलमेट, बिना आईएसआई मार्क वाले असुरक्षित हेलमेट पहनने और पीछे बैठी सवारी द्वारा सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने के आरोप में कुल 16,305 चालान किए गए हैं। इस मामले में ईस्ट ट्रैफिक गार्ड ने सर्वाधिक 1,730 चालान किये। वहीं, विभिन्न क्षेत्रीय पुलिस स्टेशनों ने मिलकर अपने-अपने इलाकों में 2,165 लापरवाह चालकों पर शिकंजा कसा। जोड़ाबगान ट्रैफिक गार्ड ने भी 1,220 और मटियाब्रूज ट्रैफिक गार्ड ने 1,020 चालान काटे।

जान जोखिम में डाल रहे लोग, ट्रिपल राइडिंग के 2,738 मामले दर्ज

मोटर वाहन अधिनियम के तहत दोपहिया वाहन पर तीन लोगों का बैठना पूरी तरह प्रतिबंधित और जानलेवा है, लेकिन फिर भी लोग इससे बाज नहीं आ रहे हैं। पुलिस ने इस अवधि में ट्रिपल राइडिंग और पिलर राइडर की सुरक्षा की अनदेखी करने के 2,738 मामले पकड़े हैं। ट्रिपल राइडिंग के मामले में ईस्ट ट्रैफिक गार्ड क्षेत्र में सबसे ज्यादा 301 मामले सामने आए। इसके ठीक बाद जोड़ाबगान ट्रैफिक गार्ड ने 253 और हेडक्वार्टर ट्रैफिक गार्ड' ने 236 मामलों में सख्त कार्रवाई की।

SCROLL FOR NEXT