कोलकाता सिटी

पूजा से पहले टैंगरा के रेस्तरां पर निगम की कार्रवाई, 500 किलो खाद्य पदार्थ जब्त

कोलकाता : पूजा से पहले महानगर के रेस्तरां में परोसे जाने वाले खाने की गुणवत्ता को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। टैंगरा के एक मशहूर रेस्तरां के फ्रिज से कोलकाता नगर निगम की टीम ने करीब 500 किलो बासी खाद्य पदार्थ जब्त किया है। निगमकर्मियों के मुताबिक, बरामद खाद्य सामग्री के फ्रिज में रखे जाने की तारीख या किसी तरह का लेबल दर्ज नहीं था। ऐसे में यह पता लगाना भी मुश्किल था कि खाद्य पदार्थ कितने दिनों से वहां रखे हुए थे। नगर निगम की टीम के अनुसार, फ्रिज में खाद्य पदार्थ को बेहद अस्वच्छ और खुले तरीके से रखा गया था। खाद्य सामग्री को इधर-उधर बेतरतीब ढंग से रखा गया था और उसके रखे जाने की तारीख का कोई रिकॉर्ड नहीं था। पूजा और त्योहारों के मौसम में बड़ी संख्या में लोग रेस्तरां में भोजन करते हैं। ऐसे में जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए निगम ने किसी तरह का जोखिम नहीं लिया और करीब 500 किलो खाद्य पदार्थ जब्त कर उसे नष्ट करने के लिए तत्काल धापा भेज दिया। खाद्य गुणवत्ता और खाद्य विषाक्तता को लेकर मुख्यमंत्री की सख्ती के बाद राज्य में प्रशासन भी हरकत में है। मिलावटी, बासी और सड़े-गले खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने तथा लोगों को सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य खाद्य विभाग और स्थानीय नगर निकायों की ओर से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पूजा से पहले नगर निगम की यह कार्रवाई इस लिहाज से भी अहम मानी जा रही है, क्योंकि त्योहारों के दौरान रेस्तरां और होटलों में ग्राहकों की संख्या तेजी से बढ़ जाती है। ऐसे में प्रशासन की सख्ती का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि लोगों की थाली तक बासी या असुरक्षित खाद्य सामग्री न पहुंचे।

SCROLL FOR NEXT