कोलकाता : झारखंड के धनबाद के महुदा थानांतर्गत सिंगरा बस्ती गांव में चल रहे अवैध हथियार कारखाने का भंडाफोड़ किया गया है। कोलकाता पुलिस के एसटीएफ ने झारखंड एसटीएफ और महुदा थाने की पुलिस के साथ संयुक्त रूप से छापामारी कर हथियार कारखाने के मालिक सहित 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों के नाम मुर्शीद अंसारी, मो.शब्बीर, मो.मुस्तफा, मो.मिस्तर और मो.परवेज हैं। इनमें से मुर्शीद धनबाद और बाकी केे अभियुक्त बिहार के मुंगेर के रहनेवाले हैं। अभियुक्तों के पास से 4 पिस्तौल, 10 अर्द्धनिर्मित पिस्तौल, 7 मैग्जीन, 22 अर्द्धनिर्मित मैग्जीन, 7 कारतूस सहित अन्य सामान जब्त किये गये हैं
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बंगाल व झारखंड की सीमा से सटे धनबाद के महुदा गांव के एक घर में अवैध हथियार बनाने की फैक्ट्री चल रही है। गुप्त सूचना मिलने पर कोलकाता पुलिस की एसटीएफ की टीम धनबाद के लिए रवाना हुई। वहां की पुलिस और झारखंड पुलिस के एसटीएफ के साथ संयुक्त अभियान चलाया गया। उस अभियान में फैक्ट्री के मालिक मुर्शीद अंसारी को गिरफ्तार किया गया। उसके साथ चार और लोगों को गिरफ्तार किया गया। छापामारी के दौरान अवैध हथियार फैक्ट्री से 4 पिस्तौल, 10 अर्धनिर्मित हथियार, 9 राउंड कारतूस, 2 ड्रिल मशीन, 1 ग्राइंडिंग पॉलिशिंग मशीन और बड़ी संख्या में रिकॉइलिंग स्प्रिंग जब्त किये गये हैं। अर्धनिर्मित हथियारों को तैयार आग्नेयास्त्रों में बदलने के लिए बड़ी मात्रा में कच्चा माल जब्त किया गया है। अवैध हथियार बनाने वाली फैक्ट्री के मालिकों में से एक धनबाद निवासी मुर्शीद अंसारी (47) को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोप है कि अंसारी के घर पर अवैध हथियार बनाने का काम चल रहा था। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इस अवैध हथियार के कारोबार में कोई और तो शामिल नहीं है।