कोलकाता सिटी

उमस भरी गर्मी से बेहाल कोलकाता, बुधवार से बारिश के आसार

आग उगलती धूप और उमस ने बढ़ाई परेशानी, अब बारिश का इंतजार

प्रगति, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : उमस भरी गर्मी ने लोगों का हाल बेहल कर दिया है। सोमवार को धूप निकलते ही मानो, आसमान से आग बरसने लगी। तेज धूप और उमस के कारण लोगों का सड़क पर चलना तक मुश्किल हाे गया था। ऐसी स्थिति थी कि दोपहर के समय रास्ते पर मात्र गिने चुने लोग ही दिखाई दे रहे थे। ऐसे में सोमवार को कोलकाता का न्यूनतम तापमान 23.7˚C और अधिकतम तापमान 35.4˚C दर्ज किया गया। बीते 2 -3 दिनों से महानगर में हो रही हल्की बारिश के बाद सोमवार का यह मौसम लोगों के लिए काफी असहज था। ऐसे में अब लोगों का बस यही सवाल है कि राहत देने वाली बारिश कब होगी। इसी बीच मौसम विभाग की ओर से बताया गया है कि अगले 2-3 दिनों में मानसून के उत्तर बंगाल और सिक्किम पहुंचने की उम्मीद है। इस प्री-मानसून दौर में उत्तर बंगाल में भारी बारिश का अनुमान है।

हालांकि, दक्षिण बंगाल में मानसून समय पर नहीं आ रहा है। फिलहाल, कुछ जिलों में छिटपुट बारिश का अनुमान है, जबकि इस इलाके में दिन भर उमस भरी और बेचैन करने वाली गर्मी रहेगी। जानकारी के अनुसार बुधवार के लिए दक्षिण बंगाल के जिलों में 'कालबैसाखी' की चेतावनी जारी की गई है। बीरभूम, नदिया, बांकुड़ा, दोनों बर्दवान जिलों और उत्तर व दक्षिण 24 परगना में तेज बारिश की संभावना है। बुधवार से कोलकाता में भी बारिश बढ़ेगी और तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग की ओर से बताया गया है कि बुधवार से दोनों दिनाजपुर जिलों में बारिश बढ़ने की उम्मीद है। शनिवार तक उत्तर बंगाल के सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश से सटे तटों पर समुद्र के अशांत रहने की उम्मीद है। ऐसे में मछुआरों को अगले 24 घंटों तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।

SCROLL FOR NEXT