कोलकाता सिटी

बारिश के बाद जलमग्न हुए कई इलाके, जनजीवन प्रभावित

कोलकाता मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल परिसर में भी हुआ जलभराव, जल-जमाव से मरीजों के परिजनों को करना पड़ा परेशानियों का सामना, केएमसी के ड्रेनेज विभाग ने युद्ध स्तर पर किया जलनिकासी का काम

राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : महानगर में लगातार बारिश के कारण महानगर के कई इलाकों में सड़कें पानी में डूब गईं, जिससे ऑफिस जाने वाले यात्रियों और आम लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जलजमाव के कारण कई प्रमुख सड़कों पर यातायात की रफ्तार भी प्रभावित रही।

मेट्रो बनी यात्रियों का सहारा

बारिश और जलजमाव के बीच बड़ी संख्या में ऑफिस जाने वाले लोगों ने कोलकाता की लाइफलाइन मेट्रो का सहारा लिया। इसके चलते विभिन्न मेट्रो स्टेशनों और ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिली। सड़क मार्ग से यात्रा करने वाले लोगों को पानी भरी सड़कों और धीमी यातायात व्यवस्था के कारण अतिरिक्त समय लगा। केएमसी के एक अधिकारी के अनुसार, कोलकाता में औसतन 100 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई है। भारी बारिश के कारण रवींद्र सरणी, मुक्ताराम बाबू स्ट्रीट, बेलगछिया, नॉदर्न पार्क, ठनठनिया कालीबाड़ी, एमजी रोड, सेंट्रल एवेन्यू, बेहला, मानिकतला, दत्ताबागान, बालीगंज और धापा टेंगरा सहित कई इलाकों में जलजमाव की तस्वीर सामने आई। कोलकाता मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल परिसर में भी बारिश का पानी जमा हो गया। इसके अलावा तपसिया इलाके में भी लोगों को जलजमाव का सामना करना पड़ा।

युद्धस्तर पर जल निकासी का काम

केएमसी के एक अधिकारी ने बताया कि बारिश के दौरान जलजमाव वाले इलाकों में निगम के कर्मचारियों और अधिकारियों ने युद्धस्तर पर जल निकासी का काम शुरू किया। पंपों के जरिए पानी निकालने और जल निकासी व्यवस्था को सुचारु रखने की कोशिश की गई।अधिकारियों के मुताबिक लगातार प्रयासों के कारण कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति में धीरे-धीरे सुधार आने लगा। हालांकि, तेज बारिश जारी रहने से कुछ क्षेत्रों में लोगों की परेशानी बनी रही।

SCROLL FOR NEXT