कोलकाता पुलिस कमिश्नर ने सभी अधिकारियों को जारी किया निर्देश
दीपक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : आम लोगों की शिकायतों की सुनवाई और उनके त्वरित निपटारे के लिए कोलकाता पुलिस ने फील्ड स्तर के अधिकारियों के लिए निश्चित दिन और समय निर्धारित किए हैं। अब प्रत्येक मंगलवार और गुरुवार को सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (एडिशनल सीपी) से लेकर थानों के प्रभारी अधिकारियों (ओसी) तक के अधिकारी आम लोगों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनेंगे। कोलकाता पुलिस के सभी अधिकारियों को इसका कड़ाई से पालन करने को कहा गया है। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा और अगले निर्देश तक जारी रहेगा।
तय समय में नहीं होंगी सामान्य बैठकें
पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि मंगलवार और गुरुवार को सुबह 10:30 से दोपहर 1 बजे के बीच यथासंभव कोई आधिकारिक बैठक, फील्ड विजिट या अन्य कार्यक्रम निर्धारित नहीं किए जाएं। हालांकि, कानून-व्यवस्था की गंभीर स्थिति में ऐसा करना जरूरी होने पर तत्काल वरिष्ठ अधिकारी से पूर्व अनुमति लेनी होगी। ऐसी स्थिति में आम लोगों को भी इसकी जानकारी देनी होगी।
तीन भाषाओं में लगेगा सूचना बोर्ड
शिकायत सुनने के दिन और समय की जानकारी संबंधित कार्यालयों के प्रवेश द्वार पर प्रमुखता से प्रदर्शित करनी होगी। इसके लिए कम से कम 3×2 फीट आकार का बोर्ड लगाया जाएगा, जिस पर सफेद पृष्ठभूमि में नीले रंग से बंगाली, हिंदी और अंग्रेजी में सूचना लिखी होगी। बोर्ड पर संबंधित अधिकारी का सरकारी ई-मेल पता और सीयूजी मोबाइल नंबर भी दर्ज रहेगा। यही जानकारी कोलकाता पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट पर भी प्रकाशित की जाएगी। डिविजन स्तर पर बोर्ड डीआरओ में, सब-डिविजन में संबंधित एसीपी कार्यालय और प्रत्येक थाने के फ्रंट डेस्क या प्रवेश द्वार पर लगाया जाएगा।
हर शिकायत का रिकॉर्ड, सात दिन में कार्रवाई
आम लोगों से मिलने के दौरान प्रत्येक शिकायतकर्ता का नाम, मोबाइल नंबर और शिकायत का संक्षिप्त विवरण अलग से बनाए गए ‘पब्लिक ग्रीवांस रजिस्टर’ में दर्ज किया जाएगा। यही शिकायत ‘आपनार सरकार, आपनार पासे’ (ASAP) पोर्टल पर भी दर्ज करनी होगी। शिकायतकर्ता को ASAP का ग्रीवांस आईडी वाली पावती दी जाएगी। संबंधित अधिकारी को शिकायत के निपटारे या उस पर की गई कार्रवाई का विवरण हर हाल में सात दिनों के भीतर ASAP पोर्टल पर दर्ज करना होगा।
हर डिविजन में ACP होंगे नोडल अधिकारी
ASAP व्यवस्था की निगरानी के लिए प्रत्येक डिविजन के डीसीपी एक एसीपी को नोडल अधिकारी नियुक्त करेंगे। उनकी मुख्य जिम्मेदारी ऑनलाइन ‘आपनार सरकार, आपनार पासे’ (ASAP) पोर्टल अथवा निर्धारित दिनों में आम लोगों से व्यक्तिगत मुलाकात के दौरान प्राप्त शिकायतों पर हुई कार्रवाई की दैनिक अनुपालन रिपोर्ट लालबाजार भेजना होगी।
ज्वाइंट सीपी और एडिशनल सीपी भी सुनेंगे शिकायतें
निर्देश के मुताबिक ज्वाइंट सीपी और एडिशनल सीपी अपने अधीन आने वाले डिविजनल रिजर्व ऑफिस ( डीआरओ) का मंगलवार और गुरुवार को दौरा करेंगे। वहां वे उन शिकायतों को देखेंगे, जिनका डिविजन स्तर पर संतोषजनक समाधान नहीं हो पाया है। इसके लिए संबंधित डिविजन के डीसीपी को आवश्यक व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है।