कोलकाता : होली व दोल के मद्देनजर महानगर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं। कोलकाता पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पूरे शहर में करीब चार हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की जा रही है। ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर और डीसी रैंक के अधिकारी भी सड़कों पर उतरकर स्थिति की निगरानी करेंगे। लगभग 400 पुलिस पिकेट विभिन्न स्थानों पर बैठाई गयी हैं, जबकि 27 हैवी रेडियो फ्लाइंग स्क्वॉड चौबीसों घंटे गश्त करेंगे। इसके अलावा, क्विक रिस्पॉन्स टीम के साथ 62 पीसीआर वैन शहर में लगातार पेट्रोलिंग करेंगी। हर थाना क्षेत्र की प्रमुख सड़कों पर बाइक पेट्रोलिंग भी की जाएगी। पुलिस विशेष रूप से इस बात पर नजर रखेगी कि कोई भी व्यक्ति रंग खेलने के बाद नशे की हालत में गंगा या अन्य जलाशयों में डुबकी न लगाए। शहर के 66 गंगा घाटों और अन्य जलाशयों पर विशेष सुरक्षा की व्यवस्था की गई है। इनमें से 24 घाटों पर कोलकाता पुलिस की डिजास्टर मैनेजमेंट ग्रुप की टीम तैनात रहेगी। इसके साथ ही, बहुमंजिली इमारतों की छतों या बालकनियों से राहगीरों पर रंग या पानी से भरे गुब्बारे फेंकने पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस को निर्देश दिया गया है कि वह सड़कों पर गश्त के दौरान स्ट्रीट डॉग या अन्य जानवरों को नुकसान पहुंचाने की घटनाओं पर भी नजर रखे।
लालबाजार ने सभी थानों को अलर्ट कर दिया है, ताकि किसी भी गड़बड़ी की सूचना मिलने पर पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंच सके। जबरन रंग लगाने, छेड़छाड़ या उत्पीड़न की शिकायत मिलने पर तत्काल कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, अवैध शराब की बिक्री पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है।