कोलकाता सिटी

शेयर में निवेश करने के नाम पर 35 लाख की ठगी, पूर्व बैंक कर्मी गिरफ्तार

शेक्सपियर सरणी थाना इलाके की घटना

कोलकाता : महानगर में एक वृद्धा को शेयर में निवेश करने पर ज्यादा मुनाफा का लालच देकर 35 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में पुलिस ने एक पूर्व बैंक कर्मी को गिरफ्तार किया है। घटना शेक्सपियर सरणी थाना इलाके की है। अभियुक्त का नाम तारक भौमिक है। कोलकाता पुलिस के एंटी चीटिंग सेक्शन के अधिकारियों ने उसे ढाकुरिया इलाके से पकड़ा है। गुरुवार को अभियुक्त को अदालत में पेश करने पर उसे 9 जून तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

क्या है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार कुछ दिनों पहले एक 75 वर्षीय वृद्धा ने एक प्राइवेट बैंक के निष्कासित कर्मचारी के खिलाफ शेक्सपियर सरणी थाने में ठगी की शिकायत दर्ज करायी। वृद्धा ने बताया कि अभियुक्त ने शेयर में निवेश करने पर ज्यादा मुनाफा दिलाने का लालच देकर उसके पास से 35 लाख रुपये ले लिये। बाद में वृद्धा ने रुपये वापस मांगे तो उसने देने से मना कर दिया। सरकारी वकील अरूप चक्रवर्ती ने अदालत को बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति शेक्सपियर सरणी इलाके में एक निजी बैंक का कर्मचारी है। वह रिलेशनशिप मैनेजर था। शिकायतकर्ता 75 वर्षीय महिला ने उस बैंक में 35 लाख रुपये जमा किए थे। किसी परेशानी के चलते शिकायतकर्ता उस व्यक्ति के पास गई थी। तब तारक भौमिक ने वृद्ध महिला से कहा कि वह शेयर ट्रेडिंग में पैसा लगाये तो उसे ज्यादा मुनाफा मिलेगा। साथ ही उसने कुछ फर्जी दस्तावेज भी दिखाए। इस बीच जब वृद्ध महिला ने रुपये वापस मांगे तो वह तरह-तरह के बहाने बनाता रहा। बीमार होने की बात कहकर मामले को टालता रहा। बाद में शिकायतकर्ता ने थाने में शिकायत दर्ज करायी। जांच के दौरान लालबाजार के जासूसों ने तारक भौमिक को गिरफ्तार किया। गुरुवार को बैंकशाल अदालत ने गिरफ्तार व्यक्ति को 9 जून तक पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया।

SCROLL FOR NEXT