पुलिस का संदेश- ‘जानकारी लीक, बर्बादी पक्की’
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : साइबर ठगों से लोगों को सतर्क करने के लिए कोलकाता पुलिस ने इस बार मनोरंजन का सहारा लिया है। लोकप्रिय वेब सीरीज ‘पंचायत’ के पांचवें सीजन के ट्रेलर के एक मजेदार दृश्य के जरिए पुलिस ने लोगों को निजी जानकारी साझा करने के खतरों के प्रति जागरूक किया है। सोशल मीडिया पर कोलकाता पुलिस की यह अनोखी पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है।
दरअसल, वीडियो में सचिव जी यानी अभिषेक त्रिपाठी तस्वीर खींचने के लिए अपना मोबाइल फोन नए प्रधान भूषण शर्मा उर्फ बनराकस को देते हैं। उस समय क्रांति देवी शर्मा और विनोद भी वहां मौजूद रहते हैं। तभी रिंकी के व्हाट्सऐप पर तीन लव साइन वाला मैसेज आ जाता है। मोबाइल पर यह मैसेज देखते ही भूषण और क्रांति देवी का मशहूर डायलॉग ‘बहुत अच्छा फोटो आया’ चर्चा में आ जाता है। इसके बाद सचिव जी और रिंकी के रिश्ते का राज सबके सामने आने की आशंका जताई जाती है। इसी दृश्य को आधार बनाकर कोलकाता पुलिस ने साइबर सुरक्षा का संदेश दिया है। वीडियो के साथ पुलिस ने लिखा, ‘ठगों के हाथों अपनी जानकारी देने का नतीजा।’ वीडियो के अंत में ‘पंचायत’ का टाइटल ट्रैक बजता है और स्क्रीन पर संदेश आता है- ‘जानकारी लीक, बर्बादी पक्की।’ साथ ही अंग्रेजी में लोगों को अपनी निजी जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी गई है।
एक क्लिक से खाली हो सकता है बैंक खाता
आज के डिजिटल दौर में स्मार्टफोन लोगों की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है। निजी तस्वीरों, बैंक खातों की जानकारी, पासवर्ड और अन्य जरूरी दस्तावेजों से जुड़ी जानकारियां मोबाइल में ही सुरक्षित रहती हैं। साइबर अपराधी इसी का फायदा उठाकर लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। किसी अनजान लिंक पर क्लिक करना या अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी साझा करना भारी पड़ सकता है। एक छोटी सी लापरवाही से निजी जानकारियां साइबर ठगों के हाथों में पहुंच सकती हैं। इससे न केवल आर्थिक नुकसान हो सकता है, बल्कि निजी तस्वीरें और गोपनीय जानकारियां भी लीक होने का खतरा रहता है।
सोशल मीडिया पर लोगों ने की पुलिस की तारीफ
साइबर ठगी के बढ़ते मामलों को देखते हुए पुलिस लगातार सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को जागरूक कर रही है। इस बार लोकप्रिय वेब सीरीज ‘पंचायत’ के चर्चित किरदारों और संवादों का इस्तेमाल कर पुलिस ने एक गंभीर संदेश को मनोरंजक अंदाज में पेश किया है। कोलकाता पुलिस की इस रील पर सोशल मीडिया यूजर्स जमकर प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। किसी ने मजाकिया अंदाज में लिखा, ‘सचिव जी फंस गए।’ वहीं, एक अन्य यूजर ने लिखा, ‘लापरवाही का नतीजा देखिए।’ कई लोगों ने पुलिस के सोशल मीडिया एडमिन की रचनात्मकता की तारीफ करते हुए लिखा, ‘एडमिन को प्रणाम।’ मनोरंजन के जरिए साइबर सुरक्षा का संदेश देने की कोलकाता पुलिस की यह पहल लोगों के बीच खूब लोकप्रिय हो रही है।