बांग्लादेशी पर्यटकों की तस्वीर  
कोलकाता सिटी

बांग्लादेशी पर्यटकों की कमी से न्यू मार्केट के मनी एक्सचेंज कारोबार पर असर

राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : न्यू मार्केट के मिर्जा गालिब स्ट्रीट इलाके में कुछ दिन पहले हुई अग्निकांड की घटना के बाद बांग्लादेशी पर्यटकों की संख्या में कमी आई है। इसका सीधा असर इलाके के कारोबार पर पड़ रहा है। कोलकाता का न्यू मार्केट क्षेत्र लंबे समय से बांग्लादेशी पर्यटकों के लिए प्रमुख खरीदारी और ठहरने के केंद्र के रूप में जाना जाता है। कभी सुबह से देर रात तक बांग्लादेशी पर्यटकों से गुलजार रहने वाले इस इलाके में अब पहले जैसी रौनक नहीं दिखाई दे रही है।

बस यात्रियों की संख्या घटी, होटल-रेस्तरां कारोबार भी प्रभावित :

बांग्लादेशी पर्यटकों की आवाजाही कम होने से टूर एंड ट्रैवल्स, होटल, रेस्तरां और मनी एक्सचेंज कारोबार से जुड़े व्यवसायियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। एक निजी बस संचालक के मैनेजर मनोरंजन राय ने बताया कि पहले बांग्लादेश से कोलकाता आने वाली बसों में यात्रियों की संख्या काफी अधिक रहती थी, लेकिन अब यह घटकर करीब 50 प्रतिशत रह गई है। उन्होंने बताया कि कई यात्री कोलकाता एयरपोर्ट और बारासात के आसपास ही उतर जा रहे हैं। इसके बाद कुछ पर्यटक ही मिर्जा गालिब स्ट्रीट और न्यू मार्केट क्षेत्र में पहुंच रहे हैं। इलाके के कई रेस्तरां संचालकों का कहना है कि ग्राहकों की कमी के कारण कारोबार लगभग ठप पड़ गया है।

एक्सचेंज कारोबार से जुड़े मोहम्मद अलाउद्दीन ने कहा कि अग्निकांड के बाद बांग्लादेशी पर्यटकों की संख्या घटने से उनका व्यवसाय बुरी तरह प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि पर्यटकों की आवाजाही कम होने से मनी एक्सचेंज का कारोबार लगभग ठप पड़ गया है। वहीं, बांग्लादेशी पर्यटक अजीजुर रहमान ने आरोप लगाया कि सीमा से सटे बेनापोल इलाके में कुछ अवैध मनी एक्सचेंजर बांग्लादेशी मुद्रा और डॉलर लेकर बदले में कम भारतीय मुद्रा दे रहे हैं। उन्होंने सरकार से ऐसे अवैध कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई करने और पर्यटकों के हितों की रक्षा करने की अपील की।

SCROLL FOR NEXT