सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : जैसे-जैसे दुर्गा पूजा पास आ रही है, शॉपिंग को लेकर मेट्रो में भीड़ बढ़ती जा रही है। ऐसा इसलिए क्योंकि लोगों के लिए मेट्रो सफर करने का सबसे सुगम साधन है। हालांकि साॅल्टलेक सेक्टर 5 से लेकर हावड़ा मैदान तक पूरा ग्रीन लाइन कनेक्ट होने के बाद देखा जा रहा है कि एस्प्लेनेड मेट्रो स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ काफी बढ़ गई है। हालांकि ऐसी स्थिति के बावजूद देखा जा रहा है कि मेट्रो के कुछ टिकट काउंटर बंद थे और कुछ एस्केलेटर भी बंद थे। एस्केलेटर बंद होने के कारण लोगों को थोड़ी परेशानी हो रही थी। एक एस्केलेटर बंद होने से दूसरे पर लोगों की भीड़ बढ़ जा रही थी। कुछ टिकट काउंटर बंद होने के कारण बाकी टिकट काउंटरों पर लोगों की कतारें बढ़ती चली जा रही थीं। स्थिति ऐसी हो गई थी कि लाइन काफी लंबी हो गई थी। इस दौरान देखा गया कि आमार मेट्रो कोलकाता ऐप, जिसके माध्यम से ऑनलाइन मेट्रो का टिकट खरीद सकते हैं, वह भी किसी तकनीकी समस्या की वजह से काम नहीं कर रहा था।
क्या कहा मेट्रो के अधिकारी ने
मेट्रो के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कई बार मेंटेनेंस के लिए एस्केलेटर काे बंद कर दिया जाता है। हालांकि मेट्रो अधिकारी निगरानी बनाए रखते हैं, जिस अनुसार अवश्यकता होती है, उसे चालू किया जाता है। वहीं टिकट काउंटर बंद होने को लेकर उन्होंने कहा कि एस्प्लेनेड मेट्रो स्टेशन पर ज्यादातर टिकट काउंटर खुले हुए हैं और जरूरत को देखते हुए कुछ टिकट काउंटर जो बंद हैं उन्हें भी खोल दिया जाता है। वहीं आमार मेट्रो कोलकाता ऐप के नहीं काम करने की वजह उन्होंने तकनीकी समस्या बताई। उन्होंने कहा कि इसे जल्द ही ठीक कर लिया जाएगा।