कोलकाता : दुर्गापूजा के दौरान बढ़ने वाली खरीदारी और भीड़ को देखते हुए कोलकाता समेत राज्य के प्रमुख शॉपिंग मॉल और बड़े रिटेल स्टोरों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की जांच तेज कर दी गई है।
फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज की टीम ने गुरुवार को कोलकाता और आसपास के इलाकों में सात प्रमुख शॉपिंग सेंटरों एवं रिटेल प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। यह अभियान राज्यभर में चिन्हित 29 शॉपिंग सेंटरों की जांच का हिस्सा है, जो 18 सितंबर तक जारी रहने वाला है।
सॉल्टलेक से बेहाला तक सात प्रतिष्ठानों की जांच
जांच के दायरे में सिटी सेंटर-1 (सॉल्टलेक), सिटी सेंटर-2 (न्यू टाउन), 22 कैमैक स्ट्रीट स्थित वेस्टसाइड और पैंटालून्स, बेहाला के जेम्स लॉन्ग सरणी स्थित मैक्स, कांकुड़गाछी का पैंटालून्स और हावड़ा के बेलूर स्थित फोरम रंगोली मॉल शामिल रहे। इसके अलावा सिलीगुड़ी और दार्जिलिंग के शॉपिंग सेंटरों में भी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
फायर सिस्टम के साथ किचन और बेसमेंट पर विशेष नजर
अधिकारियों ने केवल अग्निशमन उपकरणों की मौजूदगी तक जांच सीमित नहीं रखी। टीमों ने दुकानों, फूड कोर्ट, रेस्टोरेंट, मल्टीप्लेक्स और बेसमेंट में लगे सुरक्षा इंतजामों की कार्यक्षमता की जांच की।
खास तौर पर रसोईघरों में इस्तेमाल होने वाले कुकिंग सिस्टम और आग लगने की स्थिति में उसे नियंत्रित करने की व्यवस्था पर ध्यान दिया गया। स्प्रिंकलर सिस्टम, पानी का दबाव और अन्य फायर सेफ्टी उपकरण भी जांचे गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा इंतजामों में कमी मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सकती है।
दुर्गापूजा के दौरान मॉल और बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए प्रशासन का यह सुरक्षा अभियान महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसका उद्देश्य आपात स्थिति में लोगों की सुरक्षित निकासी और अग्निशमन व्यवस्था को पूरी तरह तैयार रखना है।