कोलकाता : कोलकाता नगर निगम (KMC) की ट्रेजरी बिल्डिंग में प्रॉपर्टी टैक्स (पी टैक्स) जमा नहीं होने के कारण महानगर के आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, पिछले करीब 12 से 14 दिनों से यह समस्या बनी हुई है। इसके चलते टैक्स जमा करने के लिए नगर निगम कार्यालय पहुंच रहे लोगों को निराश होकर लौटना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि कई नागरिक ऑनलाइन माध्यम से प्रॉपर्टी टैक्स जमा करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन तकनीकी समस्या के कारण उन्हें भुगतान करने में दिक्कत हो रही है। ऑनलाइन भुगतान नहीं हो पाने के बाद लोग टैक्स जमा करने के लिए कोलकाता नगर निगम के केंद्रीय कार्यालय स्थित ट्रेजरी बिल्डिंग का रुख कर रहे हैं। हालांकि, यहां पहुंचने के बाद भी उन्हें राहत नहीं मिल रही है। इस समस्या की वास्तविक स्थिति जानने के लिए सन्मार्ग की टीम ने ट्रेजरी बिल्डिंग पहुंचकर स्थिति को समझने का प्रयास किया। इस दौरान महानगर के विभिन्न इलाकों से आए कई नागरिक टैक्स जमा करने के लिए परेशान दिखाई दिए। लोगों का कहना है कि वे दूर-दराज के इलाकों से निगम कार्यालय पहुंचे हैं, लेकिन यहां भी भुगतान की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है। वहीं, ट्रेजरी बिल्डिंग में तैनात सुरक्षा कर्मियों की ओर से लोगों को सर्वर डाउन होने की जानकारी दी जा रही है। उन्हें फिलहाल वापस लौटने और पूजा के बाद आने की सलाह दी जा रही है। इससे नागरिकों की परेशानी और बढ़ गई है। लंबे समय से भुगतान व्यवस्था प्रभावित होने के कारण नागरिकों में असंतोष देखा जा रहा है। लोगों की मांग है कि नगर निगम जल्द से जल्द तकनीकी समस्या का समाधान करे, ताकि प्रॉपर्टी टैक्स जमा करने की प्रक्रिया सामान्य हो सके और उन्हें बार-बार निगम कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।