कोलकाता : महानगर में गुरुवार दोपहर हुई तेज बारिश और गरज-बरस ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। करीब ढाई बजे के बाद शुरू हुई मूसलाधार बारिश से शहर के कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति पैदा हो गई। अलीपुर कोर्ट समेत कई प्रमुख क्षेत्रों की सड़कों पर पानी जमा होने से राहगीरों और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश के दौरान महानगर की कई प्रमुख सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थम सी गई। जगह-जगह ट्रैफिक जाम के कारण लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में दिक्कत हुई। कामकाज के सिलसिले में घर से निकले कई लोगों ने सड़क मार्ग के बजाय मेट्रो का सहारा लिया। जलजमाव की सूचना मिलते ही कोलकाता नगर निगम (केएमसी) की टीम सक्रिय हो गई। निगम कर्मचारियों ने विभिन्न इलाकों में जल निकासी का काम तेज कर दिया। हालांकि, हाल के दिनों में हुई बारिश की तुलना में इस बार महानगर में जलजमाव की स्थिति अपेक्षाकृत कम गंभीर रही। बारिश के बीच विश्वकर्मा प्रतिमा ले जाने में परेशानी राज्यभर में विश्वकर्मा पूजा धूमधाम से मनाने की तैयारियां चल रही हैं। लेकिन पूजा के दिन हुई तेज बारिश ने श्रद्धालुओं की मुश्किलें बढ़ा दीं। भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा लेकर जाने वाले कई श्रद्धालु बारिश से बचाने के लिए प्रतिमाओं को प्लास्टिक से ढककर रिक्शा वैन के जरिए ले जाते नजर आए। वहीं, विश्वकर्मा की प्रतिमाएं बेचने वाले दुकानदारों और विक्रेताओं को भी बारिश के कारण परेशानी उठानी पड़ी। प्रतिमाओं को भीगने से बचाने के लिए उन्हें प्लास्टिक से ढककर रखा गया। लगातार बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं में विश्वकर्मा पूजा को लेकर उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी।