भारी बारिश के दौरान वाहनों की रफ्तार हुई धीमी 
कोलकाता सिटी

कोलकाता में मुसलधार बारिश से कई इलाके हुए जलमग्न

महानगर में करीब 18 पेड़ गिरे

राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : महानगर और उससे सटे इलाकों में गुरुवार दोपहर अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। लगातार आकाशीय बिजली चमकने के बाद तेज बारिश शुरू हो गई, जिससे शहर के कई इलाके जलमग्न हो गए। जलभराव के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कोलकाता के अलावा हावड़ा, उत्तर एवं दक्षिण 24 परगना तथा हुगली के कुछ हिस्सों में भी जलभराव की स्थिति देखने को मिली। जानकारी के अनुसार, बारिश के कारण तारातला में चल रहा राहत एवं बचाव कार्य भी प्रभावित हुआ। सड़कों पर पानी भर जाने से यातायात व्यवस्था चरमरा गई और कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इस बीच कई लोगों ने मेट्रो का सहारा लिया। बारिश के दौरान मेट्रो में यात्रियों की भीड़ देखी गई। इसके अलावा कई इलाके में बारिश से करीब 18 पेड़ गिरे हैं।

अस्पतालों में घुसा पानी, मरीजों की बढ़ी परेशानी

बारिश का सबसे अधिक असर शहर के अस्पतालों में देखने को मिला। एसएसकेएम अस्पताल में जलभराव के कारण कई वार्डों और आउटडोर विभाग में पानी भर गया, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बाद में कोलकाता नगर निगम (केएमसी) की ओर से पंप लगाकर जमा पानी निकाला गया और अस्पताल परिसर की स्थिति सामान्य करने की कोशिश की गई। आरजी कर मेडिकल कॉलेज परिसर में भी जलभराव की शिकायतें सामने आईं।

इन इलाकों में जलभराव देखा गया

शहर की सड़कों पर जलजमाव, यातायात प्रभावित तेज बारिश के कारण सेंट्रल एवेन्यू, महात्मा गांधी रोड, अम्हर्स्ट स्ट्रीट, आनंदपुर, अलीपुर रोड तथा एपीसी रोड स्थित हल्दीराम के पास जलभराव हो गया। दमदम, बागुईआटी और साल्टलेक के कई हिस्से भी पानी में डूब गए। कोलकाता नगर निगम के केंद्रीय कार्यालय परिसर में भी जलजमाव देखा गया। हालांकि कुछ देर बाद पानी उतर गया। विभिन्न इलाकों में पानी भरने से लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई और यातायात व्यवस्था पर भी इसका व्यापक असर पड़ा।

SCROLL FOR NEXT