सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : मध्य-पूर्व में बढ़ते संघर्ष के कारण चार दिनों तक बाधित रहने के बाद कोलकाता और दुबई के बीच उड़ान सेवाएं गुरुवार तड़के आंशिक रूप से फिर शुरू हो गईं। हवाईअड्डा अधिकारियों ने यह जानकारी दी। दुबई से flydubai का एक विमान गुरुवार सुबह 2:40 बजे नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर उतरा। विमान में 130 यात्री सवार थे। यह मध्य-पूर्व से आने वाली पहली उड़ान थी, जो 113 घंटे से अधिक समय बाद कोलकाता पहुंची।
अधिकारियों के अनुसार, Boeing 737 Max विमान का मूल आगमन समय रात 12:25 बजे निर्धारित था। थोड़े समय के ठहराव के बाद यही विमान सुबह 3:59 बजे 55 यात्रियों को लेकर दुबई के लिए रवाना हो गया। हवाईअड्डा अधिकारियों के मुताबिक, निलंबन से पहले कोलकाता से मध्य-पूर्व के लिए रवाना होने वाली आखिरी उड़ान 28 फरवरी को दुबई के लिए Emirates की सेवा थी।
मध्य-पूर्व में अमेरिका, इजराइल और ईरान से जुड़े संघर्ष के कारण क्षेत्र के कुछ हिस्सों में बढ़ते तनाव और हवाई क्षेत्र पर लगाए गए प्रतिबंधों के चलते कोलकाता से दुबई, दोहा और अबू धाबी जैसे प्रमुख पश्चिम एशियाई हब के लिए अंतरराष्ट्रीय उड़ानें प्रभावित हुई थीं। अधिकारियों ने बताया कि कोलकाता से मध्य-पूर्व के सभी मार्ग पूरी तरह कब तक बहाल होंगे, इसे लेकर अभी कोई स्पष्ट समयसीमा नहीं है।