सांकेतिक तस्वीर 
कोलकाता सिटी

कोलकाता में जनगणना की तैयारी तेज 31 जुलाई तक चलेगा प्रशिक्षण

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : जनगणना को लेकर कोलकाता नगर निगम (केएमसी) ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जनगणना के लिए नियुक्त करीब 12 हजार गणनाकर्मियों और सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण बुधवार से शुरू हो गया जो 31 जुलाई तक विभिन्न केंद्रों पर आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण प्रतिदिन सुबह 9:30 बजे से शाम 6 बजे तक 77 बैचों में चलेगा। केएमसी द्वारा प्रशिक्षित फील्ड ट्रेनर सभी कर्मियों को प्रशिक्षण देंगे। पूरी प्रक्रिया के संचालन के लिए निगम ने पहले ही सेंसेस सेल का गठन कर दिया है। प्रशिक्षण शुरू होने से पहले 100 नगर निगम कर्मचारियों को सेंसेस सेल में तैनात किया गया है। ये कर्मचारी प्रशिक्षणार्थियों का मार्गदर्शन, प्रशिक्षण सामग्री का वितरण और अन्य व्यवस्थाएं संभालेंगे। इसके अलावा 250 से 300 अन्य कर्मचारियों को भी जनगणना कार्य में लगाया गया है। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त कर्मियों की भी तैनाती की जाएगी। नगर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि कोलकाता जैसे महानगर में जनगणना एक बड़ा और संवेदनशील कार्य है। इसे पूरी सटीकता और व्यवस्थित ढंग से पूरा करने के लिए प्रशिक्षकों और बैक ऑफिस कर्मियों को पहले ही प्रशिक्षित किया जा चुका है। पूरी प्रशिक्षण और जनगणना प्रक्रिया सेंसेस सेल की निगरानी में संचालित होगी।

SCROLL FOR NEXT