सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे (CCU) से हवाई यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। 1 अक्टूबर से कोलकाता एयरपोर्ट की उड़ान क्षमता में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। विभिन्न एयरलाइंस ने कोलकाता से परिचालित होने वाली उड़ानों में कुल 203 साप्ताहिक यानी करीब 29 दैनिक प्रस्थान जोड़े हैं।
बीते लीन सीजन में कोलकाता एयरपोर्ट देश के उन प्रमुख हवाईअड्डों में शामिल रहा, जहां उड़ानों में बड़ी संख्या में कटौती देखने को मिली थी। यात्रियों की मांग में कमी, एयरलाइंस के परिचालन संबंधी फैसलों और मौसमी कारणों से कई रूटों पर उड़ानों की संख्या घटाई गई थी। इसका सीधा असर कोलकाता से आने-जाने वाले यात्रियों पर पड़ा था।
अब 1 अक्टूबर से एयरलाइंस द्वारा उड़ानों में बढ़ोतरी किए जाने के साथ स्थिति में सुधार की उम्मीद है। नई उड़ानों के जुड़ने से कोलकाता से देश के विभिन्न शहरों के साथ-साथ अन्य महत्वपूर्ण गंतव्यों के लिए कनेक्टिविटी बेहतर होगी। इससे यात्रियों को अधिक विकल्प मिलने के साथ-साथ व्यस्त रूटों पर टिकटों की उपलब्धता बढ़ने की संभावना है।
एविएशन सेक्टर से जुड़े लोगों के अनुसार, लीन सीजन के दौरान की गई अधिकांश उड़ान कटौतियों को अब धीरे-धीरे बहाल किया जा रहा है। 203 अतिरिक्त साप्ताहिक प्रस्थान इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
कोलकाता एयरपोर्ट पूर्वी भारत का प्रमुख विमानन केंद्र है और पश्चिम बंगाल के अलावा पूर्वोत्तर तथा पड़ोसी राज्यों के यात्रियों के लिए भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उड़ानों की संख्या बढ़ने से न केवल यात्रियों को फायदा होगा, बल्कि पर्यटन, कारोबार और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
एयरलाइंस की ओर से क्षमता बहाली के साथ अब कोलकाता एयरपोर्ट पर त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती मांग को पूरा करने की क्षमता भी मजबूत होगी।