कोलकाता : हिमालय की कुला कांगड़ी पर्वतमाला में स्थित 3,502 मीटर ऊंचे ''अनाम शिखर'' पर आरोहण अभियान के लिए कोलकाता से 16 सदस्यीय पर्वतारोहण दल गुरुवार की सुबह रवाना हो गया। रवानगी से पहले दल के सदस्यों ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य पर्वतारोहण के क्षेत्र में नई उपलब्धि हासिल करना है। उन्होंने कहा कि अभियान से संबंधित सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उत्साहित प्रतिभागियों का कहना है कि यह अभियान पर्वतारोहण प्रेमियों के लिए एक महत्वपूर्ण प्रयास है, जिसके माध्यम से कोलकाता के पर्वतारोही अपनी क्षमता, कौशल और साहस का परिचय देंगे। अभियान का नेतृत्व श्यामल सरकार करेंगे। दल के प्रबंधक सुब्रत बनर्जी तथा मेडिकल ऑफिसर के रूप में डॉ. रविकर पॉल शामिल हैं। इसके अलावा उपनेता प्रशांत दास, सौरभ रजक, रोहन चट्टोपाध्याय, अमिय मित्र, सुप्रिय सापुई, तमसा दास, तमाल कांति, संग्रामी सामंत, सुमित दास, दीपांकर घोष और कल्याण दास सहित अन्य सदस्य भी अभियान का हिस्सा हैं। दल के वरिष्ठ सदस्य सुब्रत बनर्जी ने बताया कि वे अब तक कई पर्वतारोहण अभियानों में विभिन्न दलों के साथ भाग ले चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस बार वे अपने साथ पर्वतीय गांवों के छोटे बच्चों के बीच निःशुल्क वितरण के लिए हिंदी और अंग्रेजी की पुस्तकें भी लेकर जा रहे हैं।