कोलकाता सिटी

KMC की वेबसाइट पर साइबर हमला, अब स्थिति सामान्य

Rambalak

कोलकाता: कोलकाता नगर निगम (KMC) के सेंट्रल सर्वर और वेबसाइट पर बड़े साइबर हमले की घटना सामने आई है। 14 सितंबर से हुए इस साइबर हमले के कारण नगर निगम की कई ऑनलाइन सेवाएं पूरी तरह प्रभावित हो गई थीं। हालांकि, अब स्थिति सामान्य होने की जानकारी केएमसी की प्रशासक स्मिता पांडे ने दी है।
प्राथमिक जांच और आईटी विशेषज्ञों के अनुसार, यह रैनसमवेयर हमला था। हमले के बाद सुरक्षा के मद्देनजर नगर निगम के डेटा सेंटर और इंटरनेट कनेक्शन को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा। इसका असर केवल नगर निगम की सेवाओं पर ही नहीं पड़ा, बल्कि राज्य के  स्टेट डेटा सेंटर के अधीन संचालित कई अन्य सरकारी पोर्टल भी प्रभावित हुए।

नगर निगम का जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र पोर्टल काम नहीं करने के कारण नए डिजिटल जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र अपलोड या डाउनलोड नहीं किए जा सके। वहीं, नगर निगम के ऑनलाइन पोर्टल के जरिए संपत्ति कर जमा करने की सुविधा भी पूरी तरह बंद हो गई थी। इसके अलावा, बिल्डिंग विभाग, ट्रेजरी, राजस्व और वित्त विभाग से जुड़े कई महत्वपूर्ण ऑनलाइन काम भी ठप हो गए थे।

नगर निगम के सूचना प्रौद्योगिकी विभाग और साइबर विशेषज्ञों ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए काम शुरू किया। सुरक्षा के मद्देनजर ई-डिस्ट्रिक्ट सहित कई ऑनलाइन सेवाओं को अस्थायी रूप से बंद रखा गया। सूत्रों के अनुसार, CERT-In के दिशा-निर्देशों के तहत डिजिटल ढांचे के ऑडिट और रखरखाव का काम भी समानांतर रूप से किया गया। फिलहाल नगर निगम में राहत की स्थिति है। प्रशासक स्मिता पांडे ने बताया कि स्थिति अब सामान्य हो गई है।

SCROLL FOR NEXT