कांग्रेस के प्रतिनिधि मंडल मीडिया को संबोधित करते हुए  
कोलकाता सिटी

केएमसी परिसीमन पर दूसरे दिन भी कई दलों ने दर्ज कराई आपत्तियां

कोलकाता : कोलकाता नगर निगम के प्रस्तावित वार्ड पुनर्विन्यास (परिसीमन) को लेकर मंगलवार को लगातार दूसरे दिन भी आपत्तियों और दावों की सुनवाई हुई। निगम मुख्यालय में आयोजित सुनवाई के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने प्रस्तावित परिसीमन में कई तरह की विसंगतियों का आरोप लगाते हुए हियरिंग अधिकारियों के समक्ष अपनी आपत्तियां दर्ज कराईं। कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, भाजपा और वाम दलों के प्रतिनिधियों के सुनवाई में शामिल होने की बात कही गई है। वार्ड पुनर्विन्यास को लेकर सुनवाई 9 सितंबर तक चलेगी। आम लोग, संबंधित व्यक्ति और राजनीतिक दल सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक अपनी आपत्ति या सुझाव दर्ज करा सकते हैं। माकपा के पूर्व मंत्री देवेश दास ने पुराने वार्ड 56, 58, 60, 61 और 62 समेत कई वार्डों में सीमाओं को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कई जगह रेल लाइन के इस पार और उस पार के इलाके एक ही वार्ड में बिखरे हुए हैं। कुछ स्थानों पर बड़ी सड़कों के कारण भी वार्डों का स्वरूप असंगत हो गया है। उन्होंने एंटली और बालिगंज विधानसभा क्षेत्र के कुछ वार्डों की समस्याओं को लेकर हियरिंग ऑफिसर के समक्ष शिकायत दर्ज कराई। माकपा की कोलकाता जिला कमेटी के सचिव कल्लोल मजूमदार ने आरोप लगाया कि परिसीमन में कई जगह राजनीतिक और जातिगत हितों को ध्यान में रखा गया है। उन्होंने कहा कि 23 पुराने वार्डों में 11 हजार से कम मतदाता हैं, जबकि कुछ वार्डों में 20 हजार से अधिक मतदाता रखे गए हैं। माकपा ने करीब 17 हजार मतदाताओं को एक मानक बनाने की मांग की है। मजूमदार ने पुराने 100 नंबर वार्ड का उदाहरण देते हुए कहा कि टॉली नाला से नेताजी सुभाष चंद्र बोस रोड तक वार्ड का क्षेत्र काफी असंगत है। उन्होंने चेतावनी दी कि भौतिक सत्यापन के बाद समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो पार्टी कानूनी रास्ता अपनाएगी। वहीं, कांग्रेस नेता आशुतोष चट्टोपाध्याय ने बताया कि पार्टी की ओर से कुल 28 शिकायतें दर्ज कराई गई हैं। इनमें कई क्लस्टर शिकायतें हैं, जिनमें एक साथ दो से चार वार्डों की समस्याएं उठाई गई हैं। उन्होंने वार्ड स्तर पर आम लोगों की जनसुनवाई कराने की मांग की और कहा कि स्थानीय लोग ही अपने इलाके की वास्तविक समस्याओं को बेहतर तरीके से बता सकते हैं।

SCROLL FOR NEXT