सांकेतिक तस्वीर 
कोलकाता सिटी

KMC ने वार्ड परिसीमन का मसौदा शहरी विकास विभाग को सौंपा

केएसमी की ओर से भेजे गए मसौदे की अब शहरी विकास विभाग विस्तार से समीक्षा करेगा

राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : कोलकाता नगर निगम (केएमसी) ने वार्ड परिसीमन (डी-लिमिटेशन) का मसौदा मंगलवार को राज्य के शहरी विकास एवं नगर मामलों के विभाग (यूडीएमए) को सौंप दिया। यह मसौदा पहले 27 जुलाई तक विभाग को भेजा जाना था, लेकिन प्रशासनिक प्रक्रिया के चलते इसमें कुछ दिनों की देरी हुई। सूत्रों के अनुसार इस बार परिसीमन के तहत नगर निगम के वार्डों की संख्या 144 से बढ़ाकर 200 करने का प्रस्ताव रखा गया है। प्रस्तावित बदलाव का उद्देश्य शहर की बढ़ती आबादी, विस्तारित शहरी क्षेत्र और प्रशासनिक आवश्यकताओं के अनुरूप वार्डों का पुनर्गठन करना है, ताकि नागरिक सेवाओं को अधिक प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सके। नगर निगम की ओर से भेजे गए मसौदे की अब शहरी विकास विभाग विस्तार से समीक्षा करेगा। विभाग द्वारा आवश्यक परीक्षण और विचार-विमर्श के बाद प्रस्तावित परिसीमन का प्रारूप (ड्राफ्ट) सार्वजनिक किया जाएगा। प्राप्त सुझावों पर विचार करने के बाद अंतिम परिसीमन अधिसूचना जारी की जाएगी। नगर निगम के इस कदम को आगामी स्थानीय निकाय चुनावों की तैयारियों की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक प्रक्रिया माना जा रहा है।

SCROLL FOR NEXT