कोलकाता : शहर की हरियाली बचाने और पेड़-पौधों के संरक्षण को लेकर कोलकाता नगर निगम (केएमसी) ने एक और पहल की है। निगम शहर में तीन नई ‘ट्री एम्बुलेंस’ खरीदने जा रहा है। इसके लिए प्रस्ताव तैयार कर नगर एवं शहरी विकास विभाग को भेज दिया गया है। निगम का उद्देश्य वृक्षारोपण के साथ पुराने और कमजोर पेड़ों की देखभाल तथा उन्हें सुरक्षित रखना है। निगम के उद्यान विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि कोलकाता में पेड़ों को बचाना बड़ी चुनौती है। इसलिए उनकी नियमित देखभाल और सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। गौरतलब है कि पिछले साल नवंबर में रासबिहारी के पूर्व तृणमूल विधायक एवं निगम के पूर्व मेयर परिषद सदस्य (उद्यान) देवाशीष कुमार की पहल पर उनकी विधायक निधि से एक ट्री एम्बुलेंस खरीदी गई थी। इस पर करीब 12 लाख रुपये खर्च हुए थे। पिछले 11 महीनों में इस एम्बुलेंस की मदद से कई झुके और कमजोर पेड़ों को बचाया गया है। ट्री एम्बुलेंस में प्रशिक्षित माली, जैविक खाद, जरूरी दवाइयां और पेड़ों की शाखाओं की छंटाई के उपकरण उपलब्ध रहते हैं। निगम आयुक्त एवं नगर प्रशासक स्मिता पांडेय ने हाल ही में उद्यान विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर पेड़ों के संरक्षण पर जोर दिया था। इसी बैठक में तीन और ट्री एम्बुलेंस खरीदने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही पेड़ों के तनों में कील ठोककर विज्ञापन लगाने और रात में उनके आसपास तेज रोशनी करने पर रोक लगाने के उपायों पर भी विचार किया जा रहा है। पहली ट्री एम्बुलेंस के संचालन की जिम्मेदारी एक निजी संस्था को दी गई थी। संस्था के प्रमुख संजय जयसिंह के अनुसार, उनकी टीम ने झुके पेड़ों को सीधा करने, कीटनाशक का छिड़काव करने और तनों से कीलें निकालने का काम किया है। कई बड़े पेड़ों को बचाने के लिए दूसरी जगह भी स्थानांतरित किया गया है।