कोलकाता : दुर्गापूजा के दौरान शहर में स्वच्छता अभियान को लेकर जारी किए गए पोस्टर की भाषा पर विवाद के बाद कोलकाता नगर निगम (केएमसी) ने उसमें बदलाव किया है। कालीघाट तृणमूल कांग्रेस ने इस पोस्टर में हिंदी शब्दों के कथित इस्तेमाल को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा था।दरअसल, 10 से 21 अक्टूबर तक दुर्गापूजा के दौरान शहर में चलाए जाने वाले स्वच्छता अभियान से संबंधित पोस्टर में बंगाली वाक्य के साथ हिंदी शब्दों का मिश्रण किया गया था। पोस्टर पर लिखा था, “मायेर कोरबो स्वच्छता से स्वागत” (मां दुर्गा का स्वागत स्वच्छता के साथ करेंगे)। एक ही वाक्य में बंगाली और हिंदी शब्दों के इस असामान्य मिश्रण पर विवाद खड़ा हो गया। इसके बाद केएमसी ने पोस्टर की भाषा बदलकर “स्वच्छतार साथे मां के स्वागत जानाई” कर दी। बंगाली में लिखे इस वाक्य का अर्थ भी मां दुर्गा का स्वच्छता के साथ स्वागत करना है। केएमसी और राज्य सरकार के लोगो वाले इस पोस्टर को नगर निगम ने सोशल मीडिया पर साझा किया था। फिलहाल, केएमसी का संचालन प्रशासक के हाथों में है। पोस्टर में हिंदी और बंगाली के मिश्रण को लेकर तृणमूल कांग्रेस ने आपत्ति जताई। कालीघाट तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने सोशल मीडिया पर पोस्टर साझा करते हुए सवाल उठाया कि क्या बचपन में उन्होंने गलत बांग्ला सीखी थी या फिर किसी को बताए बिना ही भाषा बदल गई है। वहीं, तृणमूल विधायक और प्रवक्ता कुणाल घोष ने भी भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए पोस्टर में आवश्यक सुधार करने की मांग की। हालांकि, संशोधित पोस्टर के ऊपरी हिस्से में मूल हिंदी नारा ‘स्वच्छता से स्वागत’ बरकरार रखा गया है।