केएमसी में पुलिस दस्तावेजों की जांच करती हुईं 
कोलकाता सिटी

KMC समेत बोरो कार्यालयों में चला पुलिस का छापेमारी अभियान

तृणमूल शासनकाल में जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्रों में हेरफेर के आरोपों की जांच तेज

राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : राज्य सरकार के निर्देश पर जन्म एवं मृत्यु प्रमाणपत्रों में कथित अनियमितताओं की जांच तेज कर दी गई है। मुख्य सचिव मनोज अग्रवाल के निर्देश के बाद गुरुवार को कोलकाता नगर निगम (केएमसी) के केंद्रीय कार्यालय सहित 16 बोरो कार्यालयों में पुलिस ने छापेमारी अभियान चलाया। न्यू मार्केट थाने की पुलिस ने केएमसी के केंद्रीय कार्यालय के कक्ष संख्या 117 समेत संबंधित शाखाओं में पहुंचकर जन्म-मृत्यु रजिस्टरों की जांच की और आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया। सूत्रों के अनुसार, राज्य में तृणमूल कांग्रेस के शासनकाल के दौरान एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) प्रक्रिया में बड़ी संख्या में अवैध जन्म एवं मृत्यु प्रमाणपत्र जारी किए जाने की शिकायतें सामने आई थीं। इन्हीं आरोपों के मद्देनजर राज्य सरकार ने सभी नगर निकायों और संबंधित कार्यालयों के रजिस्टरों की गहन जांच कराने का निर्णय लिया है। अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच में किसी भी स्तर पर हेरफेर या अनियमितता के प्रमाण मिलते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

कई बोरो कार्यालयों और श्मशान घाटों में भी जांच

जांच अभियान के तहत कोलकाता नगर निगम के केंद्रीय कार्यालय के अलावा सभी बोरो कार्यालयों में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने दस्तावेजों की जांच की। इसके साथ ही केवड़ातला श्मशान घाट और निमतला श्मशान घाट के कार्यालयों के रिकॉर्ड भी खंगाले गए। सूत्रों का कहना है कि राज्य सरकार के निर्देश पर जन्म एवं मृत्यु प्रमाणपत्रों से जुड़े सभी रजिस्टरों का चरणबद्ध तरीके से सत्यापन किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद संबंधित रिपोर्ट सरकार को सौंपी जाएगी। यदि किसी भी स्तर पर फर्जीवाड़ा या अनियमितता सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने देर शाम तक बड़ी संख्या में दस्तावेज जब्त कर लिए। अधिकारियों के अनुसार, दस्तावेजों को सुरक्षित रखने और उनके साथ किसी प्रकार की छेड़छाड़ रोकने के उद्देश्य से उन्हें कब्जे में लिया गया है।

SCROLL FOR NEXT