कोलकाता : पूजा से पहले महानगर के रेस्तरां और बाजारों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर कोलकाता नगर निगम (KMC) ने सख्ती बढ़ा दी है। गुरुवार को निगम की टीम ने अलीपुर स्थित एक मशहूर पांच सितारा होटल में कार्रवाई की। इसके अलावा जादवपुर विश्वविद्यालय की पांच कैंटीनों में भी खाद्य गुणवत्ता की जांच के लिए अभियान चलाया गया। पांच सितारा होटल के फ्रिज में खाद्य सामग्री मिली स्वच्छ : नगर निगम की टीम के अनुसार, अलीपुर के पांच सितारा होटल के फ्रिज में खाद्य पदार्थ बेहद स्वच्छ तरीके से रखे गए थे। निगम अधिकारियों ने खाद्य पदार्थों के रखरखाव और स्वच्छता को लेकर होटल प्रबंधन को आवश्यक निर्देश दिए। पूजा और त्योहारों के मौसम में बड़ी संख्या में लोग होटल और रेस्तरां में भोजन करते हैं। ऐसे में जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए निगम किसी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहता। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और खाद्य विषाक्तता को लेकर मुख्यमंत्री की सख्ती के बाद राज्य प्रशासन भी सक्रिय है। मिलावटी, बासी और सड़े-गले खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने तथा लोगों को सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य खाद्य विभाग और स्थानीय नगर निकायों की ओर से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पूजा से पहले निगम की यह कार्रवाई इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि त्योहारों के दौरान होटल और रेस्तरां में ग्राहकों की संख्या तेजी से बढ़ जाती है। प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि लोगों की थाली तक बासी या असुरक्षित खाद्य सामग्री न पहुंचे। हॉग मार्केट और आर्फन गंज में भी जांच : निगम की टीमों ने हॉग मार्केट के सब्जी बाजार और आर्फन गंज मार्केट में भी अभियान चलाया। इस अभियान में निगम की कुल 7 से 8 टीमें लगी हुई हैं। गुरुवार को चले अभियान के दौरान किसी भी स्थान से बासी, पुराना खाद्य पदार्थ बरामद नहीं हुआ। वहीं, निगम के एक अधिकारी ने बताया कि बुधवार को कुल टेंगरा सहित 90 स्थानों खाद्य अभियान चलाया गया था। पूजा से पहले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए आने वाले दिनों में भी इस तरह के अभियान जारी रहने की संभावना है।