कोलकाता: खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के खिलाफ कोलकाता नगर निगम (KMC) के खाद्य विभाग की ओर से चलाए गए सात दिवसीय अभियान के बाद शहर के कई नामी रेस्टोरेंट बुधवार को बंद पाए गए। न्यू मार्केट स्थित यूपी-बिहार रेस्टोरेंट और पार्क स्ट्रीट का करीम्स रेस्टोरेंट पूरी तरह बंद मिला। वहीं, आर्सेनल रेस्टोरेंट और निजाम्स के मुख्य द्वार पर रिनोवेशन का पोस्टर लगा मिला। रेस्टोरेंट बंद होने के कारणों को लेकर संचालक स्पष्ट जवाब देने से बचते नजर आए। रिनोवेशन के नाम पर बंद मिले प्रतिष्ठान जांच अभियान के बाद कई रेस्टोरेंट संचालकों ने अपने प्रतिष्ठानों के बाहर रिनोवेशन का बोर्ड लगा दिया है। हालांकि, KMC की कार्रवाई और लाइसेंस से जुड़े सवालों पर प्रबंधन की ओर से कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। निगम अधिकारियों का कहना है कि खाद्य लाइसेंस से संबंधित कार्रवाई के बाद केवल रिनोवेशन का पोस्टर लगाकर प्रतिष्ठान को संचालित करना नियमों के दायरे में नहीं आता। निजाम्स में रसोई बंद, पूजा से पहले खुलने की उम्मीद प्रसिद्ध रेस्टोरेंट 'निजाम्स' में फिलहाल रसोई का कामकाज स्थगित है। प्रबंधन के अनुसार, KMC अधिकारियों के निर्देशों का सम्मान करते हुए परिसर में तेजी से रिनोवेशन का काम चल रहा है। प्रबंधन को उम्मीद है कि दुर्गा पूजा से पहले स्थिति सामान्य हो जाएगी और रेस्टोरेंट की सेवाएं पूरी तरह बहाल कर दी जाएंगी। निजाम्स के कैशियर संजीव दास ने बताया कि KMC अधिकारियों के साथ बातचीत सकारात्मक दिशा में जारी है। फूड लाइसेंस रद्द किए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस संबंध में उन्हें केवल मौखिक सूचना मिली है और अब तक कोई लिखित दस्तावेज प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि संस्थान के वरिष्ठ अधिकारी मामले के समाधान के लिए निगम अधिकारियों से बातचीत कर रहे हैं और अगले दो-तीन दिनों में समाधान निकलने की उम्मीद है। पूजा सीजन से पहले समाधान की कवायद दुर्गा पूजा के मुख्य सीजन को देखते हुए रेस्टोरेंट बंद होने का असर कारोबार और कर्मचारियों पर भी पड़ सकता है। संजीव दास के अनुसार, पूजा के दौरान निजाम्स में प्रतिदिन औसतन 1,000 से 2,000 ग्राहक पहुंचते हैं, जबकि करीब 50 कर्मचारी यहां कार्यरत हैं। प्रबंधन ने उम्मीद जताई है कि पूजा से पहले रेस्टोरेंट दोबारा खोल दिया जाएगा और ग्राहक एक बार फिर इसके मशहूर काठी रोल और बिरयानी का स्वाद ले सकेंगे।