सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : तारातला हादसे के बाद निर्माणाधीन इमारतों की सुरक्षा और वैधता की जांच के लिए चलाए जा रहे विशेष ऑडिट के बीच कोलकाता नगर निगम ने 24 निर्माणाधीन इमारतों को निर्माण कार्य जारी रखने की अनुमति दे दी है। मंगलवार को निगम मुख्यालय में हुई बैठक में इन इमारतों के दस्तावेजों और तकनीकी पहलुओं की समीक्षा के बाद उन्हें 'गो-अहेड' दिया गया। निगम सूत्रों के अनुसार ऑडिट के दौरान शहर की करीब 350 निर्माणाधीन इमारतों को प्रारंभिक जांच में अवैध या संदिग्ध श्रेणी में चिह्नित किया गया था। इनमें से जिन 24 परियोजनाओं ने आवश्यक मानकों और दस्तावेजों को पूरा किया, उन्हें निर्माण कार्य जारी रखने की मंजूरी प्रदान की गई। वहीं, लगभग 150 निर्माणाधीन इमारतों के बिल्डिंग प्लान और अन्य स्वीकृतियों को लेकर अब भी संदेह बना हुआ है। इन परियोजनाओं के दस्तावेजों की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच पूरी होने तक इन पर अंतिम निर्णय नहीं लिया जाएगा। निगम अधिकारियों का कहना है कि तारातला हादसे के बाद शहर में अवैध निर्माण और सुरक्षा मानकों के उल्लंघन को लेकर सख्ती बरती जा रही है। इसी के तहत सभी संदिग्ध निर्माणाधीन इमारतों का चरणबद्ध ऑडिट किया जा रहा है, ताकि भवन निर्माण नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके और भविष्य में किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।