कोलकाता : कोलकाता नगर निगम (केएमसी) की प्रशासक स्मिता पांडे ने जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र जारी करने वाले विभाग का औचक दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विभाग में आने वाले आम लोगों को हो रही परेशानियों का जायजा लिया। उन्होंने कार्यालय के बाहर कतार में खड़े लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और शिकायतों के बारे में जानकारी हासिल की।
दौरे के दौरान स्मिता पांडे ने लोगों से प्रमाणपत्र बनवाने की प्रक्रिया, आवेदन में आ रही दिक्कतों और कामकाज में लगने वाले समय के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने लोगों की बातों को गंभीरता से सुना और व्यवस्था का जायजा लिया। इस औचक निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को जन्म एवं मृत्यु प्रमाणपत्र प्राप्त करने में होने वाली परेशानियों को समझना और सेवा व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में जरूरी कदम उठाना था। उनके इस दौरे से विभागीय कामकाज और जनसुविधाओं को लेकर लोगों की समस्याएं सामने आईं।