राम बालक ,सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : कोलकाता नगर निगम (केएमसी) क्षेत्र में तीन दिवसीय ‘सेवा सेतु’ अभियान आज से शुरू होगा। अभियान 4 अक्टूबर तक चलेगा। कोलकाता नगर निगम की प्रशासक स्मिता पांडे ने नगर निगम मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी जानकारी दी। 15 विभागों की 46 सेवाएं होंगी उपलब्ध उन्होंने बताया कि ‘सेवा सेतु अभियान' राज्य सरकार की ओर से आयोजित जनकल्याण शिविर की तर्ज पर होगा। इसके माध्यम से नागरिकों को विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जाएगा। अभियान के तहत 15 विभागों की 46 सेवाएं नागरिकों को प्रदान की जाएंगी। इनमें उपभोक्ता संरक्षण से लेकर खाद्य आपूर्ति तक की सेवाएं शामिल हैं। पहली बार हाउसिंग विभाग का काउंटर भी लगाया जाएगा। रेरा के तहत रियल एस्टेट परियोजनाओं का रजिस्ट्रेशन कराया जा सकेगा। इसके अलावा रियल एस्टेट एजेंटों के रजिस्ट्रेशन और रिन्यूअल की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। 157 शिविरों में स्वास्थ्य जांच की भी सुविधा प्रशासक ने बताया कि तीन दिन में कुल 157 शिविर लगाए जाएंगे। प्रत्येक शिविर में विशेष स्वास्थ्य काउंटर भी रहेगा। डेंगू के मौसम को देखते हुए डेंगू, मलेरिया और टीबी की स्क्रीनिंग की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके अलावा ई-केवाईसी की सुविधा भी दी जाएगी। स्थान उपलब्ध होने पर आई कैंप का आयोजन भी किया जाएगा। केंद्र की योजनाओं की भी मिलेगी जानकारी अभियान के दौरान भारत सरकार की विभिन्न परियोजनाओं और योजनाओं से संबंधित सेवाएं भी उपलब्ध रहेंगी। नागरिकों को अभियान की जानकारी देने के लिए नगर निगम की ओर से वार्ड स्तर पर माइकिंग के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।