कोलकाता सिटी

KMC के 209 वार्डों के पुनर्गठन पर आरएसपी ने उठाए सवाल

राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : केएमसी के वार्डों के पुनर्गठन को लेकर आरएसपी की कोलकाता जिला कमेटी ने राज्य सरकार और नगर निगम प्रशासन से विस्तृत जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की है। पार्टी ने कहा है कि 144 मौजूदा वार्डों के स्थान पर 209 वार्डों के प्रस्तावित पुनर्गठन से आम नागरिकों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है। आरएसपी की कोलकाता जिला कमेटी के सचिव देवाशीष मुखर्जी ने केएमसी कार्यालय में एक पत्र भेज कर कहा कि 5 अगस्त को जारी अधिसूचना 7 अगस्त को सार्वजनिक होने के बाद नए वार्डों की वास्तविक भौगोलिक सीमाओं को समझना आम लोगों के लिए कठिन हो गया है। पार्टी ने प्रत्येक वार्ड के क्षेत्र और मतदाताओं की संख्या को स्पष्ट रूप से सार्वजनिक करने की मांग की है। पार्टी की ओर से मांग की गई है कि विधानसभा-वार पुनर्गठित वार्डों का पूरा विवरण जारी किया जाए। साथ ही यह भी बताया जाए कि संबंधित विधानसभा क्षेत्र के किन-किन बूथों या पार्ट को किस वार्ड में शामिल किया गया है। पार्टी ने अधिसूचना के बाद नागरिक संगठनों और राजनीतिक दलों को अपने सुझाव एवं आपत्तियां दर्ज कराने के लिए पर्याप्त समय देने की भी मांग की है। इसके अलावा पार्टी ने चुनाव में भाग लेने वाले मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर विधानसभा-आधारित वार्डों का निष्पक्ष और सुव्यवस्थित पुनर्गठन करने का आग्रह किया है। पार्टी का कहना है कि वार्ड पुनर्गठन की प्रक्रिया में पारदर्शिता और राजनीतिक दलों व नागरिक संगठनों की भागीदारी जरूरी है, ताकि भविष्य में किसी प्रकार का भ्रम या विवाद उत्पन्न न हो।

SCROLL FOR NEXT