विरोध करने पर परिजनों को पीटा, आरोपी गिरफ्तार
सन्मार्ग संवाददाता
भांगड़ :
भांगड़ थाना क्षेत्र में 13 वर्षीय किशोरी को बंधक बनाकर दुष्कर्म करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता के बयान पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सैनूर हक गायेन (30) को गिरफ्तार कर लिया है।
शौचालय जाते समय बनाया बंधक
पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना गुरुवार को तड़के लगभग 2:30 बजे की है। पीड़ित किशोरी जब अपने घर के पास स्थित कॉमन शौचालय जा रही थी, तभी पड़ोस में रहने वाले सैनूर हक गायेन ने उसे जबरन रोक लिया। आरोपी उसे घसीटते हुए अपने कमरे में ले गया और वहां उसका यौन उत्पीड़न करते हुए दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। किशोरी के चिल्लाने पर जब उसके माता-पिता उसे बचाने दौड़े, तो आरोपी ने फोन करके अपने पिता मुजम्मिल हक गायेन को बुला लिया।
बचाने आए परिजनों पर हमला, जान से मारने की धमकी
आरोप है कि मौके पर पहुंचे आरोपी के पिता मुजम्मिल ने पीड़िता के पिता के साथ मारपीट की और उसकी मां को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। इसके बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में यह भी बताया कि आरोपी सैनूर ने एक हफ्ते पहले भी उसके साथ दुष्कर्म किया था और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी थी। भांगड़ थाना पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और पॉक्सो अधिनियम की धारा 6 व 10 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सैनूर हक गायेन को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है। मामले की आगे की कानूनी जांच जारी है।