कोलकाता : पश्चिम बंगाल की प्रतिष्ठित मानिकतल्ला चलताबगान लोहापट्टी दुर्गापूजा इस वर्ष अपने 84वें वर्ष में प्रवेश कर रही है। इस वर्ष दुर्गोत्सव की तैयारियों का औपचारिक शुभारंभ खूँटी पूजा के साथ हुआ। इस दौरान चंडी पाठ, वैदिक मंत्रोच्चार और ढाक की गूंज से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा।
कार्यक्रम में अभिनेत्री ऋतुपर्णा सेनगुप्ता, प्रसिद्ध तबला वादक एवं संगीतकार विक्रम घोष, सुहेल सेठ, जोड़ासांको के विधायक विजय ओझा, पूजा समिति के चेयरमैन संदीप भूतोड़िया और ऐशा दत्ता समेत कई विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे। अतिथियों ने ढाक बजाकर आयोजन की शुरुआत की, जबकि ऋतुपर्णा सेनगुप्ता ने धुनुची नृत्य प्रस्तुत कर समारोह में रंग भर दिया।
जोड़ासांको के विधायक विजय ओझा ने कहा कि पूजा को धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन के रूप में ही बनाए रखना चाहिए तथा इसमें राजनीति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने जरूरतमंद लोगों की सहायता और उनके सम्मान व गरिमा की रक्षा को सामाजिक जिम्मेदारी बताया।
पूजा समिति के चेयरमैन संदीप भूतोड़िया ने कहा कि 84 वर्षों से चलताबगान की पूजा संस्कृति, परंपरा और विरासत का प्रतीक बनी हुई है। समारोह में उद्घाटन समिति-2026 के अध्यक्ष शिशिर बजोरिया, पूजा समिति अध्यक्ष अशोक जायसवाल, उप सभापति राजेश बिहानी और सचिव राजेश जायसवाल समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे। समिति ने शहरवासियों से दुर्गोत्सव में शामिल होने की अपील की।