दुर्गापूजा से पहले निगरानी बढ़ाने का फैसला  
कोलकाता सिटी

पूजा समितियों के आपसी विवाद पर नजर रखें : सीपी

विवाद बढ़ने से पहले पुलिस कमिश्नर हस्तक्षेप करने का निर्देश

कोलकाता : दुर्गापूजा से पहले कोलकाता पुलिस ने पूजा समितियों के भीतर होने वाले आपसी विवादों पर निगरानी बढ़ाने का फैसला किया है। पुलिस कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि पूजा समितियों में चल रहे आंतरिक मतभेदों पर नजर रखें, ताकि कोई विवाद आगे चलकर कानून-व्यवस्था की समस्या न बन जाए।

पुलिस अधिकारियों को पूजा समितियों के बीच संभावित विवादों की पहले से पहचान करने और स्थिति बिगड़ने से पहले आवश्यक कदम उठाने को कहा गया है। शहर में दुर्गापूजा के दौरान दो हजार से अधिक पूजा आयोजित होती हैं। ऐसे में समितियों के भीतर वित्तीय मामलों, संगठनात्मक जिम्मेदारियों और अन्य मुद्दों को लेकर मतभेद सामने आ सकते हैं।

पुलिस कमिश्नर ने अधिकारियों को स्थानीय स्तर पर पूजा समितियों के साथ समन्वय बनाए रखने और संवेदनशील मामलों पर विशेष निगरानी रखने को कहा है। संबंधित थानों को अपने-अपने इलाकों में ऐसी समितियों की पहचान करने के निर्देश दिए गए हैं, जहां विवाद बढ़ने की आशंका हो।

पुलिस का उद्देश्य किसी भी आंतरिक विवाद को समय रहते सुलझाना और उसे सार्वजनिक विवाद या कानून-व्यवस्था की स्थिति में बदलने से रोकना है। अधिकारियों को दुर्गापूजा के दौरान शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ समितियों के साथ बेहतर तालमेल बनाए रखने पर भी जोर दिया गया है।

पुलिस प्रशासन का मानना है कि त्योहार के दौरान पहले से सतर्कता बरतने से विवादों को बढ़ने से रोका जा सकता है और शहर में दुर्गापूजा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराई जा सकती है।

SCROLL FOR NEXT