सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उनके जीवन को सुगम करने के उद्देश्य से केबीडी फाउंडेशन, रतनगढ़-कोलकाता ने महावीर सेवा सदन के सहयोग से निःशुल्क कृत्रिम अंग वितरण शिविर आयोजित किया।
महावीर सेवा सदन परिसर में आयोजित इस शिविर में 100 जरूरतमंद दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग, कैलिपर्स, कृत्रिम हाथ तथा अन्य सहायक उपकरण प्रदान किए गए। यह शिविर स्वर्गीय सोहनी देवी दूगड़ की स्मृति में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का प्रायोजन केबीडी फाउंडेशन के ट्रस्टी सुरेंद्र कुमार दूगड़, तुलसी कुमार दूगड़ एवं कमल कुमार दूगड़ ने किया।
संस्था के संस्थापक अध्यक्ष जसवंत सिंह मेहता ने कहा कि जरूरत के अनुरूप तैयार किए गए कृत्रिम अंग दिव्यांगजनों की गतिशीलता बढ़ाने के साथ उनमें आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
महावीर सेवा सदन के अध्यक्ष विजय सिंह चोरड़िया ने इस जनकल्याणकारी पहल के लिए केबीडी फाउंडेशन के प्रति आभार व्यक्त किया। उल्लेखनीय है कि केबीडी फाउंडेशन पिछले 10 वर्षों से महावीर सेवा सदन के साथ मिलकर जरूरतमंद दिव्यांगजनों को निःशुल्क कृत्रिम अंग, सहायक उपकरण और पुनर्वास संबंधी सहायता उपलब्ध करा रहा है।
संस्था की यह पहल दिव्यांगजनों को सम्मानजनक एवं आत्मनिर्भर जीवन जीने में सहयोग प्रदान कर रही है।