कोलकाता : कार्तिक महाराज ने बजबज के बुईता स्थित जगन्नाथ गुप्ता इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस एंड हॉस्पिटल ( JIMS) हॉस्पिटल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर और आसपास के इलाके का निरीक्षण किया तथा लोगों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। महाराज के आगमन को लेकर स्थानीय लोगों में उत्साह देखने को मिला। दौरे के दौरान कार्तिक महाराज ने लोगों के बीच श्रीमद्भगवद्गीता की प्रतियां वितरित कीं। उन्होंने लोगों को भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं से जुड़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपराएं हमारी पहचान और जीवन मूल्यों का आधार हैं। नई पीढ़ी को भी अपनी संस्कृति, संस्कार और आध्यात्मिक विरासत से परिचित कराना आवश्यक है। इस अवसर पर जेम्स हॉस्पिटल के संस्थापक जगन्नाथ गुप्ता और चेयरमैन केके गुप्ता ने कार्तिक महाराज का सम्मान किया। अस्पताल प्रबंधन की ओर से उन्हें सम्मानित करते हुए उनके सामाजिक एवं आध्यात्मिक प्रयासों की सराहना की गई। कार्यक्रम में अस्पताल के पीआरओ कमलेश सिंह समेत कई गण्यमान्य लोग उपस्थित रहे। इस दौरान लोगों ने महाराज से आशीर्वाद लिया और उनके विचारों को ध्यानपूर्वक सुना। पूरे कार्यक्रम के दौरान आध्यात्मिक और सामाजिक वातावरण बना रहा।