हावड़ा : सलकिया स्थित विक्रम बालिका विद्यालय में शिक्षिका प्रभारी प्रज्ञा पारोमिता मुखर्जी का 35 वर्षों का गौरवपूर्ण कार्यकाल समाप्त हो गया। उनकी सेवानिवृत्ति के अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया।
विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्राओं एवं कर्मचारियों ने उन्हें भावभीनी विदाई देते हुए उनके लंबे सेवाकाल और विद्यालय के प्रति योगदान को याद किया। वहीं कामिनी कुमारी सिंह ने विद्यालय की नवनियुक्त शिक्षिका प्रभारी के रूप में पदभार ग्रहण किया।
समारोह में विद्यालय की अनेक भूतपूर्व शिक्षिकाओं ने भी उपस्थित होकर मुखर्जी के साथ अपनी पुरानी स्मृतियां साझा कीं। वर्तमान शिक्षिकाओं ने भी उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लिया।
इस अवसर पर छात्राओं द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिसने समारोह को भावुक एवं यादगार बना दिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार ने प्रज्ञा पारोमिता मुखर्जी के स्वस्थ, सुखी एवं शांतिपूर्ण भविष्य की कामना की।