दुर्घटनाग्रस्त की तस्वीर 
कोलकाता सिटी

कमलगाछी बाइपास पर भीषण सड़क हादसे में 2 की मौत, 2 की हालत गंभीर

कोलकाता: सोनारपुर थाना क्षेत्र के धमालतला क्रॉसिंग के पास कमलगाछी बाइपास पर बुधवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। हादसा एक निजी स्कूल के सामने हुआ। मृतकों की पहचान साग्निक सेन और शौनक भट्टाचार्य के रूप में हुई है। दोनों जादवपुर के रहने वाले थे। पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बुधवार रात चार युवक एक चारपहिया वाहन से कमलगाछी बाइपास होकर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि वाहन काफी तेज रफ्तार में था। स्थानीय लोगों का दावा है कि वाहन में सवार चारों युवक नशे की हालत में थे। आशंका है कि इसी वजह से चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। इसी दौरान बाइपास पर एक निजी स्कूल के सामने वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। देर रात तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। घटना की सूचना सोनारपुर थाने को दी गई। पुलिस के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने घायल युवकों को रक्तरंजित हालत में वाहन से बाहर निकाला। सभी को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। अन्य दो घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसा कैसे हुआ और दुर्घटना के पीछे वास्तव में क्या कारण था, इसकी जांच सोनारपुर थाने की पुलिस कर रही है।

SCROLL FOR NEXT