अपने चेंबर में अत्याधुनितक हथियार के साथ तस्वीर खीचाते हुए कालीघाट थाना के निलंबित ओसी गौतम दास 
कोलकाता सिटी

फेसबुक पर 'हथियार' के साथ फोटो डालना पड़ा भारी, कालीघाट थाने के ओसी सस्पेंड

चमेली मुखर्जी बनायी गयीं कालीघाट थाने की नयी ओसी

कोलकाता : कोलकाता पुलिस मुख्यालय लालबाजार ने कालीघाट थाने के ओसी गौतम दास को शनिवार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उनकी जगह चमेली मुखर्जी को कालीघाट थाने की नयी जिम्मेदारी सौंपी गई है। हाल ही में सोशल मीडिया पर एक विवादित तस्वीर पोस्ट करने के कारण चुनाव आयोग और पुलिस प्रशासन ने यह कड़ी कार्रवाई की है।

क्या है पूरा विवाद

शुक्रवार को तृणमूल कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर एक तस्वीर साझा कर चुनाव आयोग का ध्यान आकर्षित किया था। इस वायरल तस्वीर में ओसी गौतम दास पुलिस की वर्दी पहने अपनी कुर्सी पर बैठे नजर आ रहे हैं और उनके हाथ में एक अत्याधुनिक बंदूक दिखाई दे रही है। तृणमूल के राज्य उपाध्यक्ष जयप्रकाश मजुमदार ने आरोप लगाया कि गौतम दास ने खुद इस फोटो को फेसबुक और व्हाट्सएप स्टेटस पर लगाया था। फोटो के साथ कैप्शन में लिखा था, ‘नयी जिम्मेदारी के लिए तैयार।’

नियमों के उल्लंघन का आरोप

तृणमूल नेता जयप्रकाश मजुमदार ने मुख्य चुनाव आयुक्त और कोलकाता पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर इस पर आपत्ति जताई थी। इनमें कोलकाता पुलिस की सोशल मीडिया गाइडलाइंस के अनुसार, कोई भी अधिकारी वर्दी में ऐसी तस्वीरें पोस्ट नहीं कर सकता। हथियार के साथ 'तैयार' रहने जैसा कैप्शन चुनाव के माहौल में डराने वाला और कानूनन आपत्तिजनक है। यह भी सवाल उठाया गया कि क्या वह अत्याधुनिक हथियार ओसी को आवंटित किया गया था या नहीं।

बार-बार बदले गये ओसी

कालीघाट थाने में पिछले कुछ समय से ओसी के पद पर लगातार बदलाव देखे जा रहे हैं। गत 29 मार्च को चुनाव आयोग के निर्देश पर उत्पल घोष को ओसी बनाया गया था। एक महीने बाद आयोग ने उत्पल घोष को हटाकर स्पेशल ब्रांच के गौतम दास को कमान सौंपी थी। अब इस विवाद के बाद गौतम दास को सस्पेंड कर चमेली मुखर्जी को तैनात किया गया है। लालबाजार सूत्रों के अनुसार, अनुशासनहीनता और सर्विस रूल्स के उल्लंघन को देखते हुए यह कार्रवाई की गई है।


SCROLL FOR NEXT