सांकेतिक तस्वीर 
कोलकाता सिटी

2018 के दास दंपति हत्याकांड में 10 गिरफ्तार

- पुलिस ने नए सिरे से शुरू की कार्रवाई

राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता

दक्षिण 24 परगना : जिले के काकद्वीप में वर्ष 2018 में हुए देवप्रसाद दास (देवू) और उनकी पत्नी उषारानी दास हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले में एफआईआर में नामजद सभी 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, लंबे समय तक चली जांच के बाद हाल ही में आरोपियों के खिलाफ नए सिरे से कार्रवाई शुरू की गई है। उल्लेखनीय है कि मंगलवार को मृत CPM कार्यकर्ता देवप्रसाद दास के पुत्र दीपंकर ने विधानसभा में सीएम से मुलाकात की थी। इसके तुरंत बाद इन गिरफ्तारियों की घटना सामने आई। पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम अशोक मंडल (46), चंदन गिरी (41), मेघनाथ डाकुआ (62), माधव कांदार (65), निकुंज नस्कर (69), शिवप्रसाद मंडल (69), अमित मंडल (41), गोकुल जना, नारायण चंद्र पति और शेख मनीरुल (40) हैं। सभी आरोपी काकद्वीप थाना क्षेत्र के बुधाखाली गांव के रहने वाले हैं। जांच अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों और साक्ष्यों की पुनः जांच की जा रही है। अदालत के निर्देशानुसार आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी रहेगी। गौरतलब है कि दीपंकर का घर काकद्वीप के बुधाखाली गांव के एक सुनसान इलाके में स्थित है, जिसके पास मुड़िगंगा नदी बहती है। देवू दास इसी नदी में मछली पकड़ने का काम करते थे। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मौत से कुछ समय पहले मछली पकड़ने को लेकर कुछ स्थानीय तृणमूल नेताओं के साथ उनकी कहासुनी हुई थी। गांव के कुछ लोगों का दावा है कि उन्हें यह कहकर धमकी दी गई थी कि, अगर मछली पकड़ना हो तो, तृणमूल का समर्थन करना होगा। इसके कुछ ही दिनों बाद दास दंपति के जले हुए शव बरामद किए गए थे ।

SCROLL FOR NEXT