सन्मार्ग संवाददाता
भांगड़: कैनिंग पूर्व के विधायक शौकत मोल्ला के खिलाफ एक बार फिर तृणमूल नेता काइज़र अहमद ने गंभीर आरोप लगाए हैं। काइज़र ने आशंका जताई है कि शौकत मोल्ला उनकी हत्या करवा सकते हैं। इस संबंध में उन्होंने भांगड़ थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। काइज़र का आरोप है कि पिछले एक महीने से उन्हें मारने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने दावा किया कि बाहर से सुपारी किलर बुलाए गए हैं। काइज़र के अनुसार, “कुछ दिन पहले भी एक टीम को लाया गया था, लेकिन वे मुझे पहचान नहीं पाए और लौट गए। अब दोबारा मिदनापुर से कुछ लोगों को मुझे मारने के लिए लाया गया है। उन्हीं में से एक ने मुझे पूरी जानकारी दी है।” काइज़र ने अपनी सुरक्षा की मांग करते हुए कोलकाता पुलिस से भी संपर्क किया है। उन्होंने भांगड़ थाने के अलावा कोलकाता पुलिस की विभिन्न जांच एजेंसियों को ईमेल के माध्यम से शिकायत भेजी है। उनका कहना है कि इस मामले की जानकारी तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी को भी दी गई है। गौरतलब है कि भांगड़ की राजनीति में काइज़र अहमद और आराबुल इस्लाम जैसे पुराने नेता पहले से ही दबाव में हैं। पिछले तीन वर्षों से क्षेत्र की जिम्मेदारी शौकत मोल्ला संभाल रहे हैं। काइज़र के आरोपों ने तृणमूल के अंदरूनी गुटबाजी को और तेज कर दिया है। हालांकि, शौकत मोल्ला ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा, “उसे मारकर मुझे क्या फायदा? उसका कोई मूल्य नहीं है। वह अवैध कब्जा और उगाही में शामिल है। प्रचार पाने के लिए वह इस तरह के निराधार आरोप लगा रहा है।”