प्रगति, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : पोइला बैसाख तक ब्लू लाइन के कवि सुभाष मेट्रो स्टेशन के खुलने की उम्मीद लगाई जा रही है। लंबे इंतजार के बाद कवि सुभाष मेट्रो स्टेशन के रीकंस्ट्रक्शन का काम ऑफिशियली शुरू हो गया है। इस बात को लेकर काफी अटकलें लगाई जा रही हैं, कि स्टेशन नए रूप में पैसेंजर्स के लिए कब फिर से खुलेगा। नए डिजाइन, बेहतर स्ट्रक्चर और एक्स्ट्रा सिक्योरिटी उपाय के साथ यह मेट्रो स्टेशन पैसेंजर्स के लिए एक बड़ा तोहफा होने वाला है। वहीं एक ओर जहां कवि सुभाष मेट्रो स्टेशन के रीकंस्ट्रक्शन का काम शुरू होने से पैसेंजर्स में उम्मीद की किरण दिख रही है, वहीं दूसरी ओर ऑरेंज लाइन मेट्रो पर तस्वीर उलटी है।
4 घंटे के लिए होगा रोड ब्लॉकेड
चिंगड़ीघाटा में इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलप करने के लिए 15 फरवरी से 6 रातों तक हर रात कम से कम 4 घंटे के लिए रोड को पूरी तरह बंद करने का प्लान था, लेकिन पुलिस ने कहा कि अभी परमिशन देना मुमकिन नहीं है। यह इसलिए क्योंकि अभी माध्यमिक एग्जाम चल रहा है और उच्च माध्यमिक एग्जाम 12 फरवरी से शुरू हो रहा है। अगर इस दौरान रोड बंद रहा, तो ट्रैफिक जाम की वजह से कैंडिडेट्स को बड़ी दिक्कत होगी।
क्या कहा मेट्रो के जनरल मैनेजर ने?
मेट्रो के जीएम शुभ्रांशु शेखर मिश्रा ने कहा, “चिंगड़ीघाटा सेक्शन पर काम शुरू करने के लिए हमें अभी तक पुलिस से पॉजिटिव रिस्पॉन्स नहीं मिला है। रिस्पॉन्स मिलते ही काम शुरू हो जाएगा। हमें उम्मीद है कि पूरा ऑरेंज लाइन रूट समय पर चालू हो जाएगा।”