पटसन आयुक्त कार्यालय में टिप्पण एवं प्रारूपण कार्यशाला के दौरान ली गई तस्वीर  
कोलकाता सिटी

पटसन आयुक्त कार्यालय में टिप्पण एवं प्रारूपण पर एकदिवसीय हिंदी कार्यशाला हुई संपन्न

कार्यशाला का उद्घाटन उप पटसन आयुक्त नीरज कुलहरि ने किया

Rambalak

कोलकाता : पटसन आयुक्त कार्यालय, कोलकाता में टिप्पण एवं प्रारूपण पर एकदिवसीय हिंदी कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 20 अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। कार्यशाला का उद्घाटन उप पटसन आयुक्त नीरज कुलहरि ने किया। इस अवसर पर उप निदेशक (का./वित्त) एवं राजभाषा के नोडल अधिकारी टी. सी. लामा ने उपस्थित सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया तथा कार्यशाला के उद्देश्य एवं महत्व पर प्रकाश डाला। कर्मचारी राज्य बीमा निगम, कोलकाता से अतिथि वक्ता के रूप में आमंत्रित अनुवाद अधिकारी विनय कुमार शुक्ल ने केंद्र सरकार के कार्यालयों में टिप्पण लिखने के लिए प्रयुक्त ऑनलाइन मॉड्यूल 'ई-ऑफिस' में हिंदी में टिप्पण करने हेतु उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं, जैसे 'भाषिणी', 'अनुवादिनी' एवं 'भारती-बहुभाषी सारथी' आदि का प्रोजेक्टर के माध्यम से प्रदर्शन किया और उनके उपयोग की जानकारी दी। भोजनावकाश के पश्चात आयोजित सत्र की अध्यक्षता संयुक्त निदेशक एवं कार्यालय प्रमुख टीपू सुल्तान ने की। इस सत्र में जीएसटी एवं सीमाशुल्क आयुक्तालय, कोलकाता से अतिथि वक्ता के रूप में पधारे सहायक निदेशक (राजभाषा) रवीन्द्र लाल कर्ण ने हिंदी में टिप्पण लिखने के लिए ई-ऑफिस की अन्य महत्वपूर्ण सुविधाओं एवं पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने क्विक नोटिंग में नियमित रूप से उपयोग की जाने वाली हिंदी टिप्पणियों को सहेजकर रखने तथा हिंदी में टिप्पण तैयार करने के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित उपकरणों के उपयोग का व्यावहारिक प्रदर्शन प्रोजेक्टर के माध्यम से किया। कार्यशाला के अंत में प्रतिभागियों के ज्ञान का आकलन करने के लिए एक परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत करने का प्रस्ताव रखा गया। कार्यक्रम का संयोजन एवं संचालन हिंदी परामर्शदाता अखिलेश कुमार ने किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में आईटी प्रशासक शुभांकर महत्तम, प्रवर श्रेणी लिपिक सुबोध कुमार केशरी तथा एमटीएस विशु दोलुई ने सहयोग प्रदान किया।

SCROLL FOR NEXT