कोलकाता : जादवपुर विश्वविद्यालय में जारी छात्र राजनीति के बीच RSS समर्थित BMS (भारतीय मजदूर संघ) की कैंपस स्थित कर्मचारी यूनियन को लेकर सवाल उठे हैं। छात्रों के विरोध के बाद प्रशासन ने मजदूर संघ यूनिट हटाकर उसी परिसर में मेडिकल स्टोर शुरू करने का निर्णय लिया है। इसके लिए जल्द टेंडर जारी किया जाएगा।
बता दें कि यह परिसर छात्रों के बीच ‘वर्ल्ड व्यू स्क्वायर’ के नाम से जाना जाता है। वर्ष 2006 में यहां विश्वविद्यालय की पहली किताबों की दुकान शुरू हुई थी, लेकिन 2011 में वह बंद हो गई। इसके बाद फ्रैंकरोस फार्मेसी ने यहां मेडिकल स्टोर खोला, जो ज्यादा समय तक नहीं चल सका। 2014 में लीज खत्म होने के बाद परिसर लंबे समय तक खाली रहा। बाद में मजदूर संघ ने इसे लीज पर लेकर वेस्ट बंगाल यूनिवर्सिटीज कर्मचारी परिषद (जेयू यूनिट) का कार्यालय शुरू किया।
आर्ट्स फैकल्टी के छात्र तनुज मल्लिक ने कहा, “कैंपस में किताबों की दुकान और मेडिकल स्टोर जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं हैं। ऐसे में दक्षिणपंथी कर्मचारी संगठन के कार्यालय के लिए इतनी महत्वपूर्ण जगह क्यों?” उन्होंने बताया कि पिछली ऑल-स्टेकहोल्डर्स बैठक में छात्रों ने यह मुद्दा उठाया था, जिस पर प्रशासन ने सकारात्मक रुख अपनाया। जेयू के एक अधिकारी ने कहा, “मेडिकल स्टोर कैंपस की महत्वपूर्ण जरूरत है। प्रशासन इस दिशा में सकारात्मक रूप से काम कर रहा है। जल्द टेंडर जारी होगा।”