बेहला के पूजा पंडाल का निरीक्षण करते ज्वाइंट सीपी हेडक्वार्टर्स मिराज खालिद कोलकाता मिराज खालिद
कोलकाता सिटी

पूजा पंडालों को फायर प्रूफ बनाने और एंट्री व एग्जिट द्वार को लेकर पुलिस ने दिये सुझाव

ज्वाइंट सीपी हेडक्वार्टर्स मिराज खालिद ने विभिन्न पूजा पंडालों का किया निरीक्षण

कोलकाता : महालया से पहले शहर पूरी तरह पूजा के रंग में रंग गया है। बड़े पंडालों की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और दर्शनार्थियों के स्वागत के लिए जल्द ही पंडाल खोले जाएंगे। इस बीच, कोलकाता पुलिस ने सुरक्षा और प्रबंधन में किसी भी तरह की चूक न हो, इसका विशेष ध्यान रखते हुए ‘ज़मीनी स्तर’ पर निरीक्षण अभियान शुरू कर दिया है।

वेंटिलेशन और एडिशनल पॉवर बैकअप रखने को कहा गया

मंगलवार को संयुक्त पुलिस आयुक्त (हेडक्वार्टर्स) मिराज खालिद के नेतृत्व में एक पुलिस दल ने शहर के कई प्रमुख पूजा मंडपों का दौरा किया। पुलिस टीम ने पूजा पंडालों के प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण की समीक्षा की और पूजा समितियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कई पंडालों में लकड़ी पर कपड़ा लगाकर सजावट की जाती है। इसे देखते हुए लालबाजार ने अग्निशमन उपकरण को अनिवार्य करने पर जोर दिया है। पंडालों के प्रवेश और निकास के लिए ढलान वाली जगह बनाई जाए, पैदल मार्ग समतल हों और पंडाल की ऊँचाई मानकों के अनुरूप हो। भीड़भाड़ वाले पंडालों में घुटन न हो, इसके लिए उचित वेंटिलेशन और हवा के संचार का विशेष ध्यान रखा जाए। पूजा स्थल पर पर्याप्त और सुदृढ़ रोशनी सुनिश्चित की जाए, ताकि सुरक्षा और सुविधा दोनों बनी रहे। लालबाजार के सूत्रों के अनुसार, अब तक कोलकाता में 2,700 से अधिक पूजा समितियों ने पंजीकरण कराया है, जिनमें से लगभग 2,000 समितियों को अनुमति मिल चुकी है। अनुमति प्राप्त करने के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 24 सितंबर निर्धारित की गई है, जिसके बाद और भी आवेदन आने की संभावना है। पुलिस की टीम ने मंगलवार सुबह 11:30 बजे बेहला नतुन दल, बारिशा क्लब, विवेकानंद पार्क एथलेटिक क्लब समेत कुल 12 पूजा स्थलों का निरीक्षण किया। अधिकारी बुधवार को भी शहर के अन्य पूजा स्थलों की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। अगले शुक्रवार को कोलकाता पुलिस आयुक्त मनोज वर्मा की व्यक्तिगत निगरानी में पूजा स्थलों का दौरा होने की संभावना है। इससे पूरी प्रक्रिया को और अधिक व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने का प्रयास किया जाएगा।

SCROLL FOR NEXT