कोलकाता सिटी

जेसप-डनलप पुनरुद्धार की बढ़ीं उम्मीदें

नई औद्योगिक नीति से बढ़ा भरोसा रुइया ग्रुप ने तेज की पहल

केडी पार्थ, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद उद्योग और व्यापार के लिए अनुकूल माहौल बनने के बीच बंद पड़ी प्रतिष्ठित कंपनियों जेसप एंड कंपनी और डनलप इंडिया लिमिटेड के पुनरुद्धार की संभावनाएं मजबूत होती दिखाई दे रही हैं। दोनों कंपनियों के स्वामित्व वाले रुइया ग्रुप ने इन्हें फिर से शुरू करने के प्रयास तेज कर दिए हैं। माना जा रहा है कि जेसप अगले कुछ महीनों में उत्पादन शुरू कर सकती है, जबकि डनलप के मामले में कानूनी प्रक्रियाओं के कारण कुछ समय लग सकता है।

सरकार से लगातार संपर्क में ग्रुप

रुइया ग्रुप के चेयरमैन पवन कुमार रुइया ने कहा कि समूह दोनों कंपनियों को पुनः चालू करने के लिए प्रतिबद्ध है और राज्य की नई सरकार के साथ लगातार संपर्क बनाए हुए है। सूत्रों के अनुसार सरकार भी बंद पड़े उद्योगों को पुनर्जीवित करने के पक्ष में सकारात्मक रुख अपना रही है।

रोजगार के नए अवसर खुलेंगे

जेसप और डनलप के शुरू होने से बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है। उद्योग जगत का मानना है कि इससे राज्य में औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

अधिग्रहण विधेयकों का रहा विवाद

वर्ष 2016 में राज्य विधानसभा ने दोनों कंपनियों के अधिग्रहण संबंधी विधेयक पारित किए थे, लेकिन राज्यपाल ने उन्हें राष्ट्रपति के पास भेज दिया। वर्ष 2018 में राष्ट्रपति ने दोनों विधेयकों को स्थायी रूप से रोक दिया। इसके बाद मामला अदालतों तक पहुंचा।

SCROLL FOR NEXT