दक्षिण 24 परगना : जयनगर के बहरू इलाके में अज्ञात तरल पदार्थ के सेवन के बाद दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति का इलाज चल रहा है। मृतकों में संजय हालदर (31), बहरू हलदारपाड़ा का निवासी है। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मौत की वजह फिलहाल पूरी तरह स्पष्ट नहीं है और मामले की जांच जारी है। जानकारी के अनुसार, जहरीले या अज्ञात तरल पदार्थ के सेवन की आशंका में तीन लोगों को पद्मेरहाट अस्पताल ले जाया गया था। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने संजय को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर हालत को देखते हुए अन्य दो लोगों को बेहतर इलाज के लिए बारुईपुर महकमा अस्पताल रेफर किया गया। वहां इलाज के दौरान एक और व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीसरे का उपचार जारी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों ने बहारू के पास स्थित एक लाइसेंस प्राप्त एफएल दुकान से शराब खरीदी थी और उसका सेवन किया था। इसके बाद वे बहारू के एक पोल्ट्री फार्म के पास बैठे थे। इसी दौरान वहां रखी एक बोतल से उन्होंने किसी अज्ञात तरल पदार्थ का सेवन किया। कुछ देर बाद तीनों की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें अस्पताल ले जाया गया। पुलिस के मुताबिक, फिलहाल ऐसा कोई ठोस प्रमाण नहीं मिला है जिससे यह कहा जा सके कि लाइसेंस प्राप्त दुकान से खरीदी गई शराब के कारण मौत हुई। अज्ञात तरल पदार्थ की प्रकृति और उसमें मौजूद तत्वों का पता लगाने के लिए वैज्ञानिक और फोरेंसिक जांच कराई जा रही है।